विदेश

यमन के अल मुखा तट के पास तेल टैंकर के करीब कई धमाके, UKMTO ने जारी की एडवाइजरी

यमन के अल-मुखा से करीब 60 नॉटिकल मील दक्षिण में एक टैंकर के पास कई धमाके देखे जाने की सूचना मिली है। UKMTO के अनुसार जहाज का चालक दल सुरक्षित है और फिलहाल किसी पर्यावरणीय नुकसान की खबर नहीं है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
• •
Oct 05, 2026
Yemen Tanker Incident UKMTO Warnin
यमन के अल मुखा तट के पास तेल टैंकर के पास कई धमाके (फोटो- X@UKMTO)

UKMTO Warning: लाल सागर और अदन की खाड़ी के मुहाने पर कमर्शियल जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं एक बार फिर बढ़ गई हैं। यमन के शहर अल मुखा से लगभग 60 नॉटिकल मील दक्षिण में एक ऑयल टैंकर के बहुत करीब कई धमाके हुए। जिसे लेकर यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) ने इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों के लिए एक आधिकारिक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।

टैंकर के पास कई धमाके

UKMTO द्वारा जारी चेतावनी नंबर 151-26 के अनुसार, इस घटना की जानकारी जहाज के कंपनी सिक्योरिटी ऑफिसर (CSO) ने दी थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब जहाज अल मुखा के दक्षिण में पानी से गुजर रहा था, तो उसके बहुत करीब कई जोरदार धमाके देखे गए। अभी यह साफ नहीं है कि धमाकों का कारण क्या था या इनके पीछे कौन था, UKMTO ने इस घटना को संदिग्ध गतिविधि बताया है।

क्रू पूरी तरह सुरक्षित

इस घटना के बाद सबसे राहत की बात यह है कि टैंकर का पूरा क्रू सुरक्षित बताया जा रहा है। UKMTO के अनुसार, घटना के बाद पर्यावरण को किसी तरह के नुकसान की भी सूचना नहीं मिली है। यानी फिलहाल समुद्र में तेल रिसाव या किसी अन्य पर्यावरणीय प्रभाव की रिपोर्ट नहीं है।

एजेंसियों ने जांच शुरू की

UKMTO ने कहा है कि इस मामले की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि धमाके सैन्य गतिविधि, मिसाइल या ड्रोन हमले, या किसी अन्य कारण से हुए थे। इसलिए, फिलहाल इस घटना को किसी खास समूह या देश से नहीं जोड़ा गया है।

जहाजों के लिए एडवाइजरी

एजेंसी ने समुद्री रास्ते से गुजरने वाले सभी कमर्शियल जहाजों को बहुत सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही, कैप्टन और शिपिंग कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत UKMTO को रिपोर्ट करें।

रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील है यह इलाका

अल-मुखा के दक्षिण में स्थित यह समुद्री इलाका रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के बहुत करीब है, जो लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है। हाल ही में इस इलाके में क्षेत्रीय तनाव और सैन्य गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे ऊर्जा और माल ढोने वाले जहाजों की आवाजाही पर लगातार खतरा बना हुआ है।

Updated on:
05 Oct 2026 06:48 am
Published on:
05 Oct 2026 06:48 am