विदेश

रूस से बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका पहुंचे यूक्रेन के प्रेसिडेंट जेलेंस्की, जानिए डोनाल्ड ट्रंप से किस मुद्दे पर करेंगे बातचीत?

Zelensky Arrives in the US: यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की अमेरिका पहुंच गए हैं। जहां वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एक खास मुद्दे और रणनीति पर चर्चा करने वाले हैं।
2 min read
Jul 28, 2026
TRUMP-ZELENSKI
फोटो में यूक्रेन के प्रेसिडेंट जेलेंस्की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। (सोर्स: Le Parisien एक्स यूजर स्क्रीनशॉट)

Volodymyr Zelensky-Donald Trump Meeting: रूस और यूक्रेन के बीच जारी तनाव के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की अमेरिका पहुंच गए हैं। उनकी यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है। जेलेंस्की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

जेलेंस्की ने साफ किया है कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता यूक्रेन के लिए मजबूत एंटी-बैलिस्टिक डिफेंस सिस्टम हासिल करना है। रूस की ओर से लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों को देखते हुए यूक्रेन अपनी हवाई सुरक्षा को मजबूत करना चाहता है। उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका के साथ रणनीतिक सहयोग बढ़ाना और शांति की दिशा में आगे बढ़ना भी इस दौरे का अहम उद्देश्य है।

एंटी-बैलिस्टिक डिफेंस पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा- “मैं पहले ही यूनाइटेड स्टेट्स पहुंच चुका हूं। हमारे शेड्यूल में प्रेसिडेंट ट्रंप, उनकी टीम और उन लोगों के साथ मीटिंग शामिल हैं जो हमारे डिफेंस को सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी नंबर-वन प्रायोरिटी एंटी-बैलिस्टिक डिफेंस और अमेरिका के साथ स्ट्रेटेजिक कोऑपरेशन है। शांति को और करीब लाने की जरूरत है। बेशक, पूरे यूक्रेन की तरफ से हम सीनेटर लिंडसे ग्राहम की याद का सम्मान करेंगे। वाशिंगटन में सेरेमनी में शामिल होने वाले सभी लोगों के साथ हम ट्रांसअटलांटिक कम्युनिटी और दुनिया भर में सिक्योरिटी और आजादी के लिए उनके कमिटमेंट को याद करेंगे। जान बचाने में मदद करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद!”

ट्रंप से युद्ध और शांति प्रक्रिया पर होगी चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप और जेलेंस्की रूस-यूक्रेन युद्ध और शांति प्रक्रिया पर चर्चा करेंगे। वहीं अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अब युद्ध खत्म करने की दिशा में कदम उठाने का समय आ गया है। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत पर पूरी दुनिया की नजरें रहेंगी।

इसके अलावा जेलेंस्की अमेरिका से अतिरिक्त सैन्य समर्थन के साथ-साथ रूस के खिलाफ अपनी सुरक्षा रणनीति को मजबूत करने पर बातचीत कर सकते हैं। वहीं, ट्रंप ने हाल ही में रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने की जरूरत पर जोर दिया है। हालांकि दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर अभी भी मतभेद बने हुए हैं।

लिंडसे ग्राहम को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे जेलेंस्की

बता दें अमेरिका यात्रा के दौरान जेलेंस्की दिवंगत अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम को श्रद्धांजलि भी देंगे। लिंडसे ग्राहम यूक्रेन के लिए अमेरिकी समर्थन के बड़े समर्थकों में शामिल रहे थे। रूस के 2022 के सैन्य अभियान के बाद उन्होंने यूक्रेन को सैन्य और राजनीतिक मदद देने की वकालत की थी। जेलेंस्की ने यूक्रेन के सभी अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों का धन्यवाद किया और कहा कि जो लोग लोगों की जान बचाने में मदद कर रहे हैं, वह उनके आभारी हैं। यही नहीं इस यात्रा के दौरान अमेरिका, यूक्रेन और रूस के बीच आगे की रणनीति को लेकर कई अहम फैसले हो सकते हैं। जेलेंस्की की ट्रंप से मुलाकात को युद्ध के भविष्य और शांति प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Updated on:
28 Jul 2026 05:27 pm
Published on:
28 Jul 2026 05:18 pm