25 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमरोहा कोर्ट को फिर उड़ाने की मिली धमकी! 10 दिन में दूसरी बार ईमेल से फैली सनसनी, खाली कराई गई कचहरी

Amroha News: अमरोहा जिला न्यायालय को 10 दिन में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

2 min read
Google source verification
amroha court bomb threat email alert

अमरोहा कोर्ट को फिर उड़ाने की मिली धमकी! Image - Video Grab

Amroha court bomb threat email: अमरोहा जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। बीते दस दिनों में यह दूसरी बार है जब न्यायालय की विभागीय ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल भेजा गया है। मेल मिलते ही न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ता अपने-अपने कक्षों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई।

पुलिस और बम निरोधक दस्ते की कार्रवाई

सूचना मिलते ही सीओ अवधभान भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ डॉग स्क्वायड, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता भी कचहरी परिसर में पहुंच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने न सिर्फ न्यायालय भवन के अंदर बल्कि बाहर के क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। लगभग दो घंटे तक चले इस ऑपरेशन में हर कक्ष, गलियारे और खुले स्थान को बारीकी से खंगाला गया, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

पहले भी मिल चुकी है ऐसी धमकी

बताया जा रहा है कि इससे पहले 16 फरवरी को भी जिला न्यायालय की विभागीय ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया था। उस मेल में तमिलनाडु में ईडब्ल्युएस आरक्षण लागू किए जाने का विरोध करते हुए आरक्षण समाप्त न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। मेल में यह भी दावा किया गया था कि न्यायालय के भीतर बम रखा गया है और दोपहर 12:15 बजे तक पूरी कचहरी खाली करा लेने को कहा गया था।

पहले दिन भी ठप रहा था न्यायिक कामकाज

पहली बार धमकी मिलने के बाद भी पूरे दिन सुरक्षा एजेंसियों ने कचहरी परिसर की गहन तलाशी ली थी। उस दिन भी न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा और दोपहर बाद जाकर स्थिति सामान्य हो सकी थी। उस मामले में भी किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी, लेकिन धमकी के चलते न्यायालय परिसर में लंबे समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

एक ही आईडी से भेजे गए दोनों धमकी भरे मेल

इस बार भी धमकी भरा मेल उसी आईडी से भेजा गया है, जिससे पहले ईमेल भेजा गया था। बताया गया है कि यह ईमेल आईडी आउट लुक प्लेटफॉर्म से बनाई गई है। पुलिस ने पहले मामले में ही ईमेल सेवा प्रदाता से जानकारी मांगते हुए पत्राचार किया था, लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस जवाब नहीं मिल सका है। इससे धमकी भेजने वाले की पहचान अब तक रहस्य बनी हुई है।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, जांच तेज

बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे फिर से धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। जिला जज विवेक ने तत्काल पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद को सूचना दी। एसपी के निर्देश पर देहात थाना प्रभारी निरीक्षक शौकेंद्र सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे न्यायालय परिसर की दोबारा सघन तलाशी कराई गई और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

दो घंटे बाद लौटी राहत की सांस

करीब दो घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद जब किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली तो सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद दोपहर बाद न्यायालय का कामकाज फिर से शुरू कराया गया। हालांकि, लगातार दूसरी बार धमकी मिलने से न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

अफसरों का बयान

सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि धमकी भरा मेल हाईकोर्ट और अमरोहा न्यायालय दोनों को भेजा गया था। सुरक्षा को देखते हुए तुरंत पूरे परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।