
अमरोहा राशिद हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई | Image - FB/@AmrohaPolice
Kalim encounter arrested Amroha: अमरोहा में न्यायिक कर्मी राशिद हुसैन हत्याकांड के मुख्य आरोपी कलीम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 25 हजार रुपये के इनामी कलीम को डिडौली कोतवाली क्षेत्र के नीलीखेड़ी गांव के जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे जोया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
यह पूरा मामला रविवार को डिडौली कोतवाली क्षेत्र में कार और बाइक की टक्कर से शुरू हुआ था। बाइक पर गांव हुसैनपुर निवासी नफीस और उसके दो बेटे सवार थे। टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पक्ष ने न्यायिक कर्मी राशिद हुसैन का पीछा करते हुए हाईवे पर गांव हरियाना के पास उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। उस समय राशिद हुसैन के साथ उनकी पत्नी रुखसार, तीन बच्चे और भतीजा सलमान भी मौजूद थे।
हाईवे पर हुई इस मारपीट के दौरान राशिद हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोपियों की पिटाई के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और न्यायिक कर्मी की हत्या को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
मृतक के भतीजे सलमान की तहरीर पर पुलिस ने गांव हुसैनपुर निवासी शान, कलीम, कसीम और नसीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार को आरोपी शान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य तीन आरोपी फरार चल रहे थे।
मुख्य आरोपी कलीम की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को एसपी अमित कुमार आनंद ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं और आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे डिडौली पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी कलीम किसी दूसरे स्थान पर फरार होने की तैयारी में है और वह नीलीखेड़ी गांव के रास्ते हाईवे की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हरीशवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जंगल क्षेत्र में चेकिंग शुरू कर दी।
जंगल में चेकिंग के दौरान बाइक पर आ रहे एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी बाइक सहित कुछ दूरी पर गिर पड़ा। पास जाकर देखा गया तो उसके पैर में गोली लगी थी।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम कलीम निवासी हुसैनपुर बताया। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए जोया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सीओ अभिषेक यादव ने पुष्टि की कि घायल आरोपी ही राशिद हुसैन हत्याकांड का मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये का इनामी कलीम है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
14 Jan 2026, 11:16 AM IST
Published on:
14 Jan 2026, 11:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.