18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चैत्र अमावस्या पर आस्था का सैलाब! बृजघाट-तिगरी धाम में उमड़े हजारों श्रद्धालु, गूंजे ‘हर-हर गंगे’ के जयकारे

Amroha News: अमरोहा के बृजघाट और तिगरी गंगा धाम में चैत्र अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की। ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य और हवन-यज्ञ कर सुख-समृद्धि की कामना की।

2 min read
Google source verification
chaitra amavasya ganga snan amroha

चैत्र अमावस्या पर आस्था का सैलाब!

Chaitra Amavasya 2026: अमरोहा जिले में चैत्र अमावस्या के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब बृजघाट और तिगरी गंगा धाम के घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गंगा किनारे ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर न केवल अपने पापों से मुक्ति की कामना की, बल्कि परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भी पूजा-अर्चना की।

भोर से शुरू हुआ स्नान

बुधवार सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। खास बात यह रही कि महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में भी स्नान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। साधु-संतों की मौजूदगी ने माहौल को और भी धार्मिक बना दिया। कई श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए घाटों तक पहुंचे और स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु

बृजघाट में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की संख्या सबसे अधिक रही। दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के अलावा मेरठ, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, रामपुर और बिजनौर जैसे जिलों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे। कई श्रद्धालु मंगलवार रात ही पहुंच गए थे, जिन्होंने ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान कर विशेष पुण्य अर्जित किया। स्नान के बाद इन श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान कर परिवार में सुख-शांति की कामना की और जरूरतमंदों को दान भी दिया।

तिगरी धाम में हवन-यज्ञ और पितृ तर्पण का विशेष आयोजन

तिगरी गंगा धाम में भी गजरौला और आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ-साथ हवन-यज्ञ कराए और पितरों की आत्मा की शांति के लिए विशेष अनुष्ठान किए। पुरोहितों को वस्त्र, अन्न और दक्षिणा देकर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन रहा मुस्तैद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति न उत्पन्न हो।

सुविधाओं और सेवा व्यवस्था ने बढ़ाया श्रद्धालुओं का भरोसा

इस पावन अवसर पर स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संगठनों ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए। घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वयंसेवकों ने भी भीड़ को नियंत्रित करने और मार्गदर्शन देने में अहम भूमिका निभाई।

बड़ी खबरें

View All

अमरोहा

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग