13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ईरान-इजरायल युद्ध की अफवाह से अमरोहा में गैस सिलिंडर की मारामारी, 500 मीटर तक लगी लंबी लाइन

Amroha News: यूपी के अमरोहा जिले में गैस सिलिंडर की किल्लत की अफवाहों के चलते एजेंसियों पर लंबी कतारें लग गईं। कई जगह पुलिस की मौजूदगी में गैस का वितरण कराया गया, जबकि प्रशासन का दावा है कि जिले में गैस सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है।

3 min read
Google source verification
gas cylinder rush amroha police distribution

ईरान-इजरायल युद्ध की अफवाह से अमरोहा में गैस सिलिंडर की मारामारी..

Gas Cylinder Rush Amroha: अमरोहा जिले में रसोई गैस सिलिंडर को लेकर अचानक मांग बढ़ने से गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन लोगों के बीच फैली अफवाहों के कारण हालात अलग ही दिखाई दे रहे हैं। ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर गैस की संभावित किल्लत की चर्चा से लोग एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं।

जिले के कई कस्बों में एक जैसे हालात

अमरोहा, जोया, नौगावां सादात, मंडी धनौरा और हसनपुर समेत कई कस्बों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। लोगों का कहना है कि बुकिंग के बावजूद सिलिंडर मिलने में काफी समय लग रहा है। वहीं कई लोग एडवांस में सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन द्वारा गठित टीमें भी लगातार एजेंसियों का दौरा कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

गजरौला में पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण

गजरौला में गैस एजेंसियों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली। यहां लोगों की संख्या अधिक होने के कारण गजरौला गैस सर्विस के गोदाम पर पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलिंडरों का वितरण कराया गया। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग कर रखी थी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर दिए गए। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।

दो दिन बाद आई सप्लाई, बढ़ी उपभोक्ताओं की भीड़

गजरौला में तीन गैस एजेंसियां सक्रिय हैं, लेकिन इनमें से एक एजेंसी के पास पिछले दो दिनों से गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं हुई थी। सुबह जैसे ही सप्लाई पहुंची, उपभोक्ताओं की भीड़ अचानक बढ़ गई। काजला भारत गैस, अनिल भारत गैस और गजरौला गैस सर्विस तीनों एजेंसियों पर सिलिंडर वितरण किया गया। गजरौला गैस सर्विस पर सबसे ज्यादा भीड़ रही, जहां करीब 360 सिलिंडरों का वितरण किया गया।

कई घंटे लाइन में लगकर मिल रहा सिलिंडर

गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध हैं। हालांकि उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस लेने के लिए कई-कई घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। यही वजह है कि पूरे दिन गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ बनी रही और कई जगहों पर अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली।

हसनपुर में 500 मीटर लंबी कतार

हसनपुर में भी गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। दोपहर में जैसे ही सिलिंडर से भरी गाड़ी एजेंसी पर पहुंची, लोग अपने खाली सिलिंडर लेकर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में करीब 500 मीटर लंबी लाइन लग गई। जिन लोगों को सिलिंडर मिल गया वे राहत महसूस करते हुए घर लौट गए, जबकि कई उपभोक्ताओं को खाली सिलिंडर लेकर वापस लौटना पड़ा।

युद्ध की अफवाह से लोग जमा कर रहे सिलिंडर

क्षेत्र में यह चर्चा तेजी से फैल रही है कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण गैस की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसी आशंका के चलते लोग पहले से ही अतिरिक्त सिलिंडर घर में रखने की कोशिश कर रहे हैं।

अमरोहा, जोया और नौगावां सादात में भी भीड़

अमरोहा शहर, जोया और नौगावां सादात में भी सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही। नौगावां सादात स्थित इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सुबह छह बजे से ही लोगों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। यहां बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिए गए, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

प्रशासन की 14 टीमों ने की जांच

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर जिले की 38 गैस एजेंसियों की जांच के लिए 14 टीमें गठित की गईं। इन टीमों में पूर्ति निरीक्षक, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, नायब तहसीलदार और तहसीलदार शामिल थे। टीमों ने एजेंसियों पर मौजूद गैस सिलिंडरों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और बुकिंग प्रक्रिया की जांच की।

अफवाहों से बचने की प्रशासन की अपील

जिला पूर्ति अधिकारी रीना कुमारी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक रूप से गैस सिलिंडर का भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि जिले में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

बड़ी खबरें

View All

अमरोहा

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग