
Amroha News Today
Amroha News Today: अमरोहा में मंगलवार को बारिश आफत बनकर बरसी। अमरोहा देहात क्षेत्र के सिरसा खुमार गांव व हसनपुर के सकरौली मिलक बारिश के चलते दो मकान गिर गए। इसमें एक महिला और बच्चे की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
सिरसा खुमार गांव अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में पड़ता है। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर है। यहां रहने वाले नईम के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। रोजमर्रा की मजदूरी करने वाले नईम का घर कच्चा है और उसमें दो कमरे बने हुए हैं। सोमवार की रात झमाझम बारिश हुई। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे नईम अपने आठ महीने के बेटे हसनैन और चार साल की बेटी फातिमा के साथ कमरे में सो रहे थे। जबकि उनकी पत्नी घर के बाहर थी। नईम के घर के पीछे काफी गहराई है। जिस कारण घर की पिछली दीवार जमीन में धंस गई।
इसके बाद पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा। धमाके की तेज आवाज के साथ गिरे मकान के मलबे में नईम, हसनैन और फातिमा दब गए। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर नईम, फातिमा और हसनैन को बाहर निकाला। तुरंत ही तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने हसनैन को मृत घोषित कर दिया। नईम और फातिमा का इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर सुधीर कुमार, राजस्व कानूनगो व लेखपाल पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे हादसे की जानकारी जुटाई और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
उधर, कोतवाली क्षेत्र के गांव सकरौली मिलक में किसान किशोर पुत्र मलवा का परिवार रहता हैं। सोमवार की रात को किशोर अपनी चालीस वर्षीय पत्नी उषा के साथ मकान में सो रहा था। मंगलवार की तड़के चार बजे बारिश के दौरान बिजली की तेज चमक के साथ मकान गिर गया। जिसके मलबे में दबकर दोनों घायल हो गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबे में दबे दंपती को बाहर निकाला। उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जहां चिकित्सकों ने उषा को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के वक्त दंपती के पांच बच्चे दूसरे घर में सो रहे थे।
Published on:
02 Jul 2024 03:05 pm
बड़ी खबरें
View Allअमरोहा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
