14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जिसे कभी क्रिकेट खेलने से रोका गया, अब राष्ट्रपति भवन से आया बुलावा; आमिर बोले- सपने में भी नहीं सोचा था ऐसा दिन आएगा

Aamir Hussain President House: दिव्यांग क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में होने वाले 'एट होम' कार्यक्रम का निमंत्रण मिला है। कभी क्रिकेट खेलने से रोके गए आमिर अब देश के खास मेहमान बनेंगे।
2 min read
Google source verification
Aamir Hussain Lone

राष्ट्रपति भवन के निमंत्रण से खुश आमिर हुसैन लोन। (फोटो सोर्स-IANS)

Aamir Hussain Lone: जम्मू-कश्मीर के दिव्यांग क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन के लिए इस बार 15 अगस्त का दिन बेहद खास होने वाला है। कभी जिन लोगों ने उन्हें क्रिकेट खेलने से रोक दिया था, वही आमिर अब स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रपति भवन में खास मेहमान बनकर पहुंचेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से उन्हें दिल्ली आने और राष्ट्रपति भवन के 'एट होम' कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता मिला है।

आमिर के लिए यह पल किसी सपने से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि जिंदगी में ऐसा दिन आएगा, जब उन्हें राष्ट्रपति से मिलने का मौका मिलेगा। निमंत्रण मिलने के बाद से वह बेहद खुश हैं और दिल्ली जाने का इंतजार कर रहे हैं।

आमिर एक साधारण परिवार से हैं और घर की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। उनका गांव भी काफी पिछड़ा हुआ है और वहां कई जरूरी सुविधाओं की कमी है। ऐसे माहौल से निकलकर राष्ट्रपति भवन तक पहुंचना उनके लिए बड़ी बात है। आमिर ने बताया कि जैसे ही परिवार और गांव के लोगों को राष्ट्रपति भवन से मिले निमंत्रण की जानकारी हुई, सभी बेहद खुश हो गए।

जब मैदान में खेलने का मौका भी नहीं मिलता था

आमिर का क्रिकेट का सफर आसान नहीं रहा। बचपन से ही उन्हें क्रिकेट खेलने का शौक था, लेकिन दिव्यांग होने की वजह से कई लोग उन्हें अपने साथ खेलने का मौका नहीं देते थे। इससे उन्हें काफी दुख होता था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और क्रिकेट के अपने सपने को पूरा करने में जुटे रहे।

आमिर ने अपने मुश्किल समय को याद करते हुए गौतम अडानी और अडानी फाउंडेशन का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि जब वह जिंदगी के एक कठिन दौर से गुजर रहे थे, तब उन्हें मदद मिली। आमिर अब अपनी क्रिकेट अकादमी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी ख्वाहिश है कि गौतम अडानी ही उनकी अकादमी का उद्घाटन करें।

कश्मीर के खिलाड़ियों को मिले ज्यादा मौका

जम्मू-कश्मीर के क्रिकेटर औकिब नबी के भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने पर भी आमिर ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व की बात है। उनके मुताबिक, कश्मीर में क्रिकेट की काफी प्रतिभा है और जरूरत है कि ऐसे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सही मौका मिले।

आमिर की मेहनत और क्रिकेट के प्रति उनका जुनून पहले भी क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का ध्यान खींच चुका है। अब राष्ट्रपति भवन से मिले निमंत्रण ने उनके संघर्ष को एक नई पहचान दी है। 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन पहुंचना आमिर के लिए सिर्फ सम्मान का पल नहीं होगा, बल्कि यह उनके उस सफर की भी बड़ी जीत होगी, जिसमें उन्होंने मुश्किलों के बावजूद अपने सपने को कभी मरने नहीं दिया।