अब तक सामने आए पांच उम्मीदवारों में भाजपा-कांग्रेस सहित चार प्रत्याशी एलएलबी पास...
पुष्पराजगढ़ विधानसभा के इस बार कानून के जानकारों के बीच सीधी लड़ाई है। अब तक नामांकन दाखिल करने वाले पांच प्रत्याशियों में से चार कानून की शिक्षा में स्नातक (एलएलबी) हैं। भाजपा प्रत्याशी हीरा सिंह श्याम, कांग्रेस प्रत्याशी फुंदेलाल सिंह, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के प्रत्याशी अमित पड़वार एवं निर्दलीय प्रत्याशी नर्मदा सिंह एलएलबी हैं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से उम्मीदवार अनिल सिंह हायर सेकेंडरी पास हैं। नाम निर्देशन पत्र के साथ दाखिल किए गए शपथपत्र के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी फुंदेलाल सिंह सबसे धनी प्रत्याशी हैं। अन्य चारों प्रत्याशी आर्थिक मामले में इनसे काफी पीछे हैं। भाजपा प्रत्याशी हीरा सिंह श्याम के पास फोर व्हीलर वाहन भी नहीं है। पुष्पराजगढ़ विधानसभा में वैसे तो मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच है, लेकिन गोंगपा, भाशचेपा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतरे कांग्रेस नेता नर्मदा सिंह का भी क्षेत्र में प्रभाव है।
कांग्रेस के फुंदेलाल सबसे धनी प्रत्याशी
कांग्रेस प्रत्याशी फुदेलाल सिंह के पास वर्तमान समय में लगभग एक करोड़ 10 लाख रुपए कीमती 31 एकड़ भूमि एवं 43 लाख की चल संपत्ति है। उनके पास नगद 45000 तथा पत्नी के पास नगद 55000 है। इनके एसबीआई बैंक खाते में 15 लाख 76 हजार 396 रुपए, इनके राजेंद्र ग्राम स्थित मार्को पेट्रोल पंप के खाते में 17 लाख रुपए। पत्नी के सेंट्रल बैंक खाते में 7 लाख 72 हजार रुपए एवं एसबीआई में 30 हजार 932 रुपए हैं। पुष्पराजगढ़ विकासखंड के कई ग्रामों में 31 एकड़ भूमि उनके नाम पर है। उनके पास 40 ग्राम सोना, पत्नी के पास 300 ग्राम सोना कीमती 17 लाख एवं 2 किलो चांदी कीमती डेढ़ लाख रुपए है। इनके पास 12 बोर डीबीएस गन भी है। उनके नाम पर बोलेरो तथा पुत्र के नाम पर एक्सेंट वाहन है।
हीरा सिंह के पास चार पहिया वाहन भी नहीं
भाजपा प्रत्याशी हीरा सिंह श्याम कांग्रेस प्रत्याशी के मुकाबले धन संपत्ति में काफी पीछे हैं। हीरा सिंह के पास स्वयं 4 लाख 85हजार नकद तथा पत्नी के पास 1 लाख नकद है। इसी तरह बैंक खाते में 12 हजार और 10 हजार रुपए, पत्नी के बैंक खाते में 35 हजार 580 रुपए। अचल संपत्ति के नाम पर सेंदुरी, खैरी, कोहका पूर्व, अमगवा, बिजौरी तथा धनपुरी में कृषि भूमि तथा वाहन के नाम पर उनके पास टीवीएस अपाचे बाइक तथा पैशन प्रो दो पहिया वाहन है। उनके पास 50 ग्राम सोना कीमती 2 लाख 85हजार तथा पत्नी के पास 150 ग्राम सोना कीमती 8 लाख है। इनके पास कुल 9 लाख 40 हजार की संपत्ति है। इनमें पास कोई शस्त्र नहीं है न ही किसी तरह का प्रकरण दर्ज है।