
black magic fraud husband wife arrested jewellery cash seized
mp news: मध्यप्रदेश के अनूपपुर में पुलिस ने बीमारी ठीक करने और घर से गड़ा धन निकालने के नाम पर ग्रामीणों को ठगने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने झाड़-फूंक के बहाने लोगों से ठगे गए 7.5 लाख के जेवरात और 3.61 लाख की नकदी के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें पति-पत्नी शामिल हैं। आरोपियों के पास से तंत्र-मंत्र की किताबें और एक मृत जानवर की खोपड़ी भी मिली है।
थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि मामला ग्राम बरतराई का है। फरियादी लक्ष्मण सिंह पोरते के पिता को लकवा मार गया था। इसका फायदा उठाते हुए आरोपी सत्या नाई ने उनका परिचय तांत्रिक विश्वनाथ गिरी से कराया। तांत्रिक और उसकी पत्नी लीला गिरी ने घर में टोना-टोटका होने का डर दिखाया। 25 दिसंबर को तंत्र-मंत्र का नाटक कर आरोपियों ने उपचार के नाम पर 1.51 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोपियों का लालच यहीं खत्म नहीं हुआ। 8 जनवरी को वो दोबारा लक्ष्मण के घर पहुंचे और परिवार को डराया कि यदि उन्होंने सारा सोना-चांदी और नगद उनके हवाले नहीं किया, तो तांत्रिक क्रिया से सबको जान से मार देंगे और दोबारा लकवा मार जाएगा।
मौत के डर से महिलाओं ने अपने मंगलसूत्र, पायल, करधन और चाबी सहित 2.50 लाख नगद आरोपियों को सौंप दिए। हड़बड़ी में गहनों की गठरी के साथ बैंक पासबुक और आधार कार्ड भी चले गए। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई जिसने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। विशेष टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से 15 सोने के लॉकेट (कीमत 5 लाख), 1 किलो चांदी (कीमत 2.50 लाख), 3.61 लाख नगद और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की है।
Published on:
13 Feb 2026 06:05 pm
बड़ी खबरें
View Allअनूपपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
