
1971 युद्ध के वीरों को किया नमन, जवानों व परिजनों का सम्मान
अनूपपुर। भारत पाकिस्तान युद्ध 1971 में भारत की विजय एवं वीरों की शहादत एवं शौर्य का जिला स्तरीय विजय दिवस समारोह १६ दिसम्बर को स्वसहायता भवन में आयोजित किया गया, जहांं वीर जवानों को याद कर नमन किया गया। साथ जवानों व परिजनों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मान भी किया गया। समारोह की शुरुआत 1971 युद्ध वीरों एवं उनके परिवार जनो को गार्ड ऑफ ऑनर देकर हुई। इसके बाद भारत मां की सेवा में अपने प्राणो की आहुति देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। जिसमें देश के विकास, खुशहाली एवं अमन चौन के लिए सक्रिय सकारात्मक भूमिका निभाने का प्रण लिया। कलेक्टर द्वारा 1971 युद्ध में जिले से शामिल गुरु प्रसाद केवट, मोहन सिंह धुर्वे, रामस्वरूप शर्मा एवं स्व. शीतल प्रसाद की धर्मपत्नी रामबाई को शॉल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्राम छिल्पा निवासी रामस्वरूप शर्मा तत्कालीन समय में 15 वीं कोर ऊधमपुर में, वार्ड नम्बर 11 अनूपपुर के निवासी गुरुप्रसाद केवट 14 वीं ब्रिगेड मिजोरम में पदस्थ थे, ब्रिगेड से स्व. शहीद लांस नायक ऐल्बर्ट एक्का को परमवीर चक्र एवं स्व. शहीद मेजर एके तारा को वीर चक्र प्रदान किया गया था। जबकि ग्राम दमगढ़ पुष्पराजगढ़ निवासी मोहन सिंह धुर्वे कलकत्ता में पदस्थ थे एवं स्व. शीतल प्रसाद ने युद्ध क्षेत्र में सक्रिय योगदान दिया था। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार अमलाई के भागचंद, हर्राटोला के राम प्रताप जायसवाल, परसवार निवासी रामबिहारी सिंह, संजयनगर निवासी रामनरेश गिरी, बिजुरी के तुलसीराम प्रजापति, ग्राम खांड़ कोतमा के कृपाशंकर पांडे ने 1971 युद्ध में सहभागिता निभाई थी। वहीं भारत पाकिस्तान युद्ध 1971 पर आधारित डॉक्युमेंटरी फिल्म एवं फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के दृढ़ संकल्पित राजनैतिक नेतृत्व एवं सैन्य बल के शौर्य से अवगत हुए। स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। इससे पूर्व जिला मुख्यालय में विजय दौड़ का आयोजन किया गया, दौड़ इंदिरा तिराहे से सुबह 8 बजे प्रारम्भ हुई एवं शासकीय तुलसी कॉलेज में समापन हुआ।
बॉक्स: पसान नपा में वीरों के शौर्य एवं पराक्रम का हुआ स्मरण
भारत पाकिस्तान युद्ध 1971 में भारत की विजय को गरिमामय तरीक़े से मनाने नगर स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नपा पसान कार्यालय आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। साथ ही उनके शौर्य उनके पराक्रम को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया तथा 1971 युद्ध सम्बंधी डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन एवं फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से शहीदों एवं वीरों के योगदान का पुन: स्मरण किया गया।
------------------------------------
Published on:
17 Dec 2019 08:46 pm
बड़ी खबरें
View Allअनूपपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
