अशोकनगर

पेटियों में आया इतना दान कि ​रुपए गिनते-गिनते थक गए 50 लोग

कई घंटों तक गिनते रहे श्रद्धा का दान: रंगपंचमी मेले के दौरान मां जानकी मंदिर की दानपेटियों में आई राशि की प्रशासन ने कराई गिनती

less than 1 minute read
Mar 14, 2023
कई घंटों तक गिनते रहे श्रद्धा का दान:

अशोकनगर/मुंगावली. करीला मेले में हर बार की तरह इस बार भी लाखों लोग आए। तीन दिन के इस मेले में केवल रंगपंचमी के दिन ही 20 लाख लोगों के आने की बात कही जा रही है। मेले के अंतिम दिन करीला में दानराशि की गिनती हुई। पेटियों में से रुपए निकालकर गिनती करने के काम में कई घंटे लगे। हाल ये हुआ कि रुपए गिनते गिनते लोग थक गए।

दानपेटियों से निकले पैसों की गिनती का काम पटवारियों ने किया। बताया जा रहा है कि दानपेटियों से निकले नोटों में कई कटे-फटे नोट भी थे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के मां जानकी के नाम मन्नतों के पत्र भी निकले। ऐसे करीब आधा सैंकड़ा पत्र प्राप्त हुए हैं। इन पत्रों को ट्रस्ट ने एकत्रित करके मां जानकी मंदिर में रखवा दिया है।

इस काम में 30 कोटवार, 20 पटवारी, तीन राजस्व निरीक्षक की ड्यूटी लगी- सोमवार को मां जानकी मंदिर करीला में प्रशासन ने दानपेटियों को खुलवाकर दानराशि की गिनती कराई। सुबह 11 बजे से शुरू हुई गिनती शाम 6 बजे तक चली। इस काम में 30 कोटवार, 20 पटवारी, तीन राजस्व निरीक्षक की ड्यूटी लगी और तीन नायब तहसीलदारों की मौजूदगी में दानपेटियां खुलीं।

सिक्कों की गिनती नहीं हो सकी जो करीब दो लाख रुपए के माने जा रहे - आधिकारिक जानकारी के अनुसार दानपेटियों में से कुल 16 लाख 500 रुपए प्राप्त हुए हैं। वहीं 1.01 लाख रुपए में नारियल नीलाम हुए और इससे इस रंगपंचमी पर मंदिर को 17.01 लाख रुपए मिले। सिक्कों की गिनती नहीं हो सकी जो करीब दो लाख रुपए के माने जा रहे हैं। पिछले साल से दो लाख रुपए कम आय हुई।

Published on:
14 Mar 2023 01:29 pm
Also Read
View All

अगली खबर