
MP News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में जंगल, बीहड़ रास्ते और ओर नदी का किनारा…तस्करों के लिए यह सुरक्षित पनाहगार था, लेकिन रविवार को तड़के 4 बजे यह भ्रम टूट गया। पुलिस ने 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत न केवल जमीन पर घेराबंदी की, बल्कि आसमान से ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी। नतीजा यह रहा कि यहां चल रही अवैध शराब की फैक्ट्री कुछ ही घंटों में ही नष्ट किए गए लहान के कीचड़ में तब्दील हो गई।
एसपी राजीवकुमार मिश्रा के निर्देशन में हुई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने मौके से करीब 8.75 लाख रुपए की सामग्री जब्त की जप्त और नष्ट किया है। साथ ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम और नदी का पानी दूषित करने की गंभीर धाराओं में भी मामला दर्ज किया है।
शहर से करीब 10 किमी दूर थाना कचनार के माधोगढ़ गांव का इलाका अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण शराब माफिया का गढ़ माना जाता रहा है। अक्सर पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी नदी में कूदकर या झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकलते थे। इसे देखते हुए इस बार पुलिस ने रणनीति बदली। एसडीओपी विवेक शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली, देहात, कचनार, पिपरई, बहादुरपुर, शाढ़ौरा, नईसराय और पुलिस लाइन के संयुक्त बल ने तड़के 4 बजे ही गांव को घेर लिया। जैसे ही पुलिस आगे बढ़ी, ड्रोन कैमरों ने झाड़ियों में छिपे आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर ली, जिससे उन्हें भागने का मौका नहीं मिला।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां अवैध शराब फैक्ट्री चलती मिली। नदी किनारे भट्टियां धधक रही थीं। पुलिस ने मौके से 500 लीटर तैयार कच्ची शराब जप्त की। वहीं, जमीन में गड्ढा करके छिपाकर रखी गई टंकियों को बाहर निकलवाया तो टंकियों में भरे करीब 5000 लीटर लहान (कच्ची सामग्री) मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया। नष्ट किए गए लहान की कीमत करीब 7.50 लाख रुपए आंकी गई है।
शराब माफिया अवैध निर्माण के दौरान गंदा और रसायन युक्त पानी वापस ओर नदी में बहा रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहली बार आबकारी एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 279 (जल को दूषित करना) का इजाफा भी किया है। यह अपराधियों के लिए एक सख्त संदेश है।
ड्रोन से सर्चिंग की मदद से पुलिस ने मौके से माधोगढ़ निवासी रमेश पारदी, पट्टा पारदी, श्यामलाल पारदी और प्रहलाद पारदी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अलग-अलग मात्रा में शराब और उपकरण जप्त किए गए। इसके अलावा मुल्लाखेड़ी की ओर पठारी क्षेत्र में भी लावारिस हालत में शराब पकड़ी गई।
एसपी राजीवकुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि आगामी करीला मेले को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान और तेज होगा। इस कार्रवाई में एसडीओपी विवेक शर्मा, थाना प्रभारी पिपरई ओमप्रकाश मिश्रा, थाना प्रभारी देहात भुवनेश शर्मा, थाना प्रभारी कचनार पूनम सेलर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों की भूमिका सराहनीय रही।
Published on:
08 Feb 2026 04:18 pm
बड़ी खबरें
View Allअशोकनगर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
