
अशोकनगर। जिले की मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शनिवार की सुबह 8 बजे से शुरू हो गया है। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से चले इसके लिए प्रशासनिक अमला मतदान स्थल पर मौजूद है। इसमें 1 लाख 91 हजार 9 मतदाता 13 प्रत्याशियों में से विधायक चुनेंगे। मुंगावली विधानसभा क्षेत्र में कुल 264 मतदान केन्द्रों पर सुबह 8 से 5 बजे तक मतदान होगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर 5 मतदान कर्मियों के अलावा हर केन्द्र पर तीन पुलिसकर्मी तैनात है। क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर चार जवानों का आम्र्ड फोर्स अलग से लगाया गया है। रिजर्व में 36 पार्टियों को रखा गया है। मतदान केन्द्रों के लिए 36 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और केन्द्रों तक पहुंचने के लिए 53 रूट तय किए गए हैं। वहीं 133 मतदान केन्द्र संवेदनशील चिन्हित किए हैं।
मतदान दलों को सुबह 8 बजे से मतदान सामग्री का वितरण किया जाना था। लेकिन सुबह 11 बजे तक भी ठीक ढंग से सामग्री वितरण का कार्य शुरू नहीं हो सका था। कुछ कक्षों में सामग्री मिलने लगी थी तो कुछ सामग्री के इंतजार में बैठे थे। सामग्री भी टुकड़ों में मिल सकी। इससे मतदान दलों को निकलने में देरी हुई और दोपहर 2.30 बजे के बाद मतदान दलों के निकलने का सिलसिला शुरू हुआ। सामग्री वितरण के लिए सुबह 8 बजे स्ट्रांग रूम खुलना था, लेकिन यह 8.43 बजे खुला। इस दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि व संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके बाद सामग्री को निर्धारित कमरों में मतदान केन्द्रवार जमी टेबलों पर भिजवाया गया। जहां कर्मचारी मतदान सामग्री के इंतजार में बैठे थे। कर्मचारियों ने यहां सामग्री का मिलान कर बाहर निकल गए।
प्रशिक्षण दिया
सामग्री वितरण के दौरान ही मतदान दलों को ईवीएम की कार्यप्रणाली के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। कैसे ईवीएम को चालू करना है, पट्टी लगानी और मतदान के बाद कैसे क्लोज बटन दबाकर ईवीएम को सील करना है। इसके साथ ही फर्जी मतदान को रोकने के लिए पोलिंग पार्टियों को बूथ की एएसडीटी सूची भी उपलब्ध करवाई गई। इसमें अनुपस्थित, मृत व डबल मतदाताओं की जानकारी दर्ज है। इस सूची के मिलान और इसमें शामिल मतदाता के आने पर किस प्रकार मतदान करवाना है, इसके बारे में भी मतदान दलों को बताया गया।
एसपी ने भरा जवानों में जोश
सुरक्षा कर्मियों को रवाना करने से पहले एसपी तिलकसिंह ने जवानों को संबोधित कर उनमें जोश भरा। एसपी ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करवाना हमारे लिए चुनौती है। सबसे ज्यादा चुनाव में आरोप प्रत्यारोप पुलिस पर ही लगते हैं। चाहे कोई रिश्तेदार हो या संबंधी हमें उनसे बात नहीं करनी है। रिश्तेदारी अपन बाद में निभाएंगे। केन्द्र की १०० मीटर की सीमा में कोई भी व्यक्ति बिना वोटर आईडी के अंदर न आए। कोई वीआईपी भी आए तो उनके साथ आने वाले सुरक्षाकर्मियों को अंदर न आने दें। रात में अपने केन्द्र पर ही रहें और ईमानदारी से ड्यूटी करें।
निरीक्षण किया
गुरुवार रात में अधिकारियों ने विधानसभा क्षेत्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर वीएस चौधरी व एसपी तिलकसिंह सहित अन्य अधिकारियों ने विधानसभा क्षेत्र में होटल, लॉज आदि का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा नाकों पर भी भ्रमण किया गया। गुरुवार को कमिश्नर, आईजी, डीआईजी भी मुंगावली पहुंचे।
जिला पुलिस के 700 जवान, होमगार्ड के 300 और एसएएफ की 80-80 जवानों की तीन कंपनियां लगाई हैं। 260 कोटवार लगाए गए हैं और केन्द्रीय सशस्त्र सुरक्षा बलों की आठ कंपनियां आई हैं। इनमें बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीडीपी, सीआरपीएफ , एसएसबी के जवान शामिल हैं। क्षेत्र में १६ चेक पोस्ट बनाए गए हैं। जहां केन्द्रीय बल की तैनाती की गई है। बंगला चौराहा, मुंगावली बस स्टैंड, इमली चौराहा मुंगावली, चिकमंगलूर चौराहा पिपरई, बेलई तिराहा, बहादुरपुर थाना सहित आठ फिक्स पाइंट बनाए गए हैं। वहीं ४३ सेक्टर मोबाइल भी पूरे क्षेत्र में तैनात की गई हैं। एक मोबाइल पर 5-6 बूथों की ही जिम्मेदारी होगी और सूचना मिलते ही ५ से १० मिनट में मोबाइल केन्द्र पर पहुंच जाएगी। 5 स्थैतिक सर्विलेंस टीम बनाई गई हैं जो चिन्हित स्थानों पर सघन चेकिंग करेंगी और वीडियो सर्विलेंस टीमें विभिन्न गतिविधियों पर सतत नजर रखेंगी।
हम सभी लोग फील्ड में रहेंगे। सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। केन्द्रीय व राज्य का सशस्त्र बल, जिला पुलिस, होमगार्ड, एसएएफ आदि के जवान तैनात किए गए हैं। सीमाओं पर केन्द्रीय बल की नियुक्ति की गईहै।फिक्स ब्रिगेड भी है।ताकि बाहर से कोईअंदर न आ सके और जो अंदर आ गया तो बचकर बाहर न जा सके। जो भी शिकायतें मिल रही हैं, उनको तुरंत संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जा रही है। व्हाट्सएप पर आने वाली शिकायतों की जांच भी तुरंत करवाई जा रही है।
तिलकसिंह, एसपी अशोकनगर।
Published on:
24 Feb 2018 09:37 am
बड़ी खबरें
View Allअशोकनगर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
