13 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पंचायत चुनाव: जिला पंचायत में रहेगा इस बार महिलाओं का दबदबा, दो सीटों पर सिमटे पुरुष सदस्य, देंखे कहा कौन जीता

11 वार्ड वाली जिपं में 9 वार्डों पर महिला सदस्य,3 वार्ड ऐसे जहां पुरुषों को दी मात- सांसद के भाई की पत्नी को भाजपा-कांग्रेस अपना गिन रही, कांग्रेस ने बताया कांग्रेस समर्थित तो भाजपा ने कहा सांसद ने किया था प्रचार।

3 min read
Google source verification
Panchayat Election

Panchayat Election



अशोकनगर. जिला पंचायत में इस बार महिलाओं का दबदबा रहेगा, क्योंकि मतगणना के रुझानों में 11 वार्ड वाली इस जिला पंचायत में नौं वार्डों पर महिला सदस्यों की जीत तय है। जिनमें तीन वार्ड ऐसे हैं जहां महिला प्रत्याशियों ने चुनाव में पुरुष प्रत्याशियों को मात देकर जीत पक्की कर ली है। इससे जिला पंचायत में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिला सदस्य रहेंगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीनों चरणों का मतदान होकर मतगणना पूर्ण हो चुकी है। हालांकि मतगणना का सारणीकरण कर परिणाम 15 जुलाई को घोषित होगा, लेकिन मतदान केंद्रों से आ रहे मतगणना के रुझानों में 11 वार्डों वाली जिला पंचायत के नौं वार्डों पर महिला प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं और उनकी जीत तय मानी जा रही है। इस बार 11 वार्डों में से छह वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित थे, लेकिन महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों के साथ तीन ज्यादा वार्डों में महिला प्रत्याशियों की जीत तय नजर आ रही है। खास बात यह है कि वार्ड क्रमांक एक पर शीतल सत्येंद्र कलावत, वार्ड दो पर बबीता मोहनसिंह यादव व वार्ड आठ पर बाईसाहब यादव ने पुरुषों को मात देकर अपनी जीत तय कर ली है।
सांसद के भाई की पत्नी को दोनों पार्टियां अपना गिन रहीं-
11 वार्डों में से भाजपा पार्टी 8 को भाजपा समर्थित बता रही है, तो वहीं कांग्रेस भी चार के कांग्रेस समर्थित होने का दावा कर रही हैं। भाजपा के मुताबिक शीतल कलावत, शीला जाटव, शशि रघुवंशी, जगन्नाथसिंह रघुवंशी, बाईसाहब यादव, अलकासिंह, यादवेंद्रसिंह व रानी अजयपाल यादव भाजपा समर्थित हैं, तो वहीं कांग्रेस के मुताबिक सविता लोधी, बबीता यादव, रानी अजयपाल यादव कांग्रेस समर्थित हैं व भुरियाबाई भी कांग्रेस विचारधारा की बताई जा रही हैं। सांसद केपी यादव की भाई की पत्नी रानी अजयपाल यादव की वार्ड 10 से जीत तय मानी जा रही है, लेकिन रानी अजयपाल यादव को भाजपा व कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अपना गिन रहीं हैं। कांग्रेस का कहना है कि वह कांग्रेस समर्थित हैं तो भाजपा का कहना है कि सांसद ने उनके चुनाव में प्रचार किया, इसलिए वह भाजपा समर्थित हैं।
भाजपा में अध्यक्ष पद के कई दावेदार, कांग्रेस उठाना चाह रही अंतर्कलह का फायदा-
जिला पंचायत में भले ही बड़ी संख्या में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है, लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनारक्षित होने से भाजपा में कई अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। जिनमें राव परिवार के अलावा शशि रघुवंशी, पूर्व विधायक जगन्नाथसिंह रघुवंशी शामिल हैं, वहीं कांग्रेस में बबीता यादव जिपं अध्यक्ष पद की दावेदार हैं। इसके अलावा रानी यादव भी जिपं अध्यक्ष पद की दावेदार बताई जा रही हैं। ज्यादा सदस्य पार्टी के होने से भाजपा अध्यक्ष पद पर अपनी जीत का दावा कर रही है तो वहीं कांग्रेस का कहना है कि भाजपा में अंतर्कलह है और इसका लाभ कांग्रेस उठाएगी।
यह भी खास-
- जिला पंचायत में जहां पिछले बार राव परिवार से तीन सदस्य थे और इस बार भी तीन सदस्यों की जीत तय है, जिनमें बाईसाहब यादव, उनके पुत्र यादवेंद्रसिंह व बहू अलकासिंह शामिल हैं।
- एक ही परिवार के तीन सदस्य होने से पहला दावा राव परिवार का है, जिन्हें सिर्फ तीन सदस्यों की जरूरत है, तो वहीं अन्य दावेदारों को अध्यक्ष पद के लिए पांच सदस्यों की जरूरत पड़ेगी।
- वहीं कांग्रेस भी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत के लिए सदस्यों को अपनी तरफ खींचने के प्रयास में जुटती नजर आ रही है और इसके लिए प्रयास भी शुरु कर दिए गए हैं।
- चुनाव में सांसद के परिवार को भी 3 पद मिले हैं, जिपं सदस्य में रानी अजयपाल यादव के अलावा सांसद की भाभी सरपंच बन गईं तो वहीं भतीजी की जनपद सदस्य पद पर जीत तय है।
मतगणना रुझानों में जिपं में इनकी जीत तय-
वार्ड संभावित सदस्य
1 शीतल सत्येंद्र कलावत
2 बबीता मोहनसिंह यादव
3 शीला जाटव
4 शशि शिवराम रघुवंशी
5 जगन्नाथसिंह रघुवंशी
6 भुरियाबाई रणवीर आदिवासी
7 सविता कन्हैराम लोधी
8 बाईसाहब यादव
9 अलका यादवेंद्रसिंह
10 रानी अजयपाल यादव
11 यादवेंद्रसिंह यादव
(सूची लोगों की चर्चा अनुसार)
वर्जन-
जिपं में 11 में से आठ सदस्य भाजपा समर्थित जीते हैं, क्योंकि सांसद के भाई की पत्नी रानी अजयपाल यादव भी भाजपा समर्थित हैं और सांसद ने चुनाव में उनका प्रचार किया है, यदि भाजपा की नहीं होतीं तो सांसद क्यों प्रचार करते।
उमेश रघुवंशी, जिलाध्यक्ष भाजपा
तीन सदस्य कांग्रेस समर्थित जीते हैं, जिनमें बबीता यादव, सविता लोधी व रानी अजयपाल यादव शामिल हैं। वहीं भुरियाबाई आदिवासी भी कांग्रेस विचारधारा की हैं। भाजपा में अंतर्कलह है और हम जिपं अध्यक्ष चुनाव में इस अंतर्कलह का लाभ उठाएंगे।
हरिसिंह रघुवंशी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस