
अफगानिस्तान में सुरक्षाबलों का बड़ा अभियान, तालिबान के 58 आतंकवादी मारे गए
काबुल। अफगान सुरक्षा बलों ने दावा किया है कि उरुजगन और कंधार प्रांतों में अलग-अलग चलाये गए हवाई और जमीनी अभियानों में कम से कम 58 तालिबान आतंकवादी मारे गए हैं और कई अन्य घायल हो गए। इससे पहले मंगलवार की शाम को 100 से अधिक तालिबान के आतंकियों ने उरुजगन प्रांत के मुख्य सड़क मार्ग पर दो सुरक्षा चौकियों पर हमला किया। हालांकि सुरक्षा बलों ने इसका उचित जवाब दिया और आतंकियों को भागना पड़ा।
सुरक्षाबलों का अभियान
प्रांतीय पुलिस प्रमुख अब्दुल कवी ओमारी के हवाले से एजेंसी की खबरों में बताया गया है कि पहले उरुजगन प्रांत के मुख्य सड़क मार्ग पर आतंकियों ने दो सुरक्षा चौकियों पर हमला किया जहां सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 40 आतंकी मार डाले गए।प्रांतीय राजधानी तिरीन कोट के तालायी क्षेत्र में कम से कम सात सशस्त्र तालिबान आतंकियों की मौत हो गई। यहां पर सेना ने छिपे हुए आतंकियों पर तोपों से हमला किया था। कंधार प्रांत में मंगलवार को देर शाम संयुक्त अफगान और अमरीका के नेतृत्व वाले नाटो गठबंधन के हवाई अभियानमें 11 अन्य आतंकवादी मारे गए और लगभग 20 घायल हो गए।
तालिबान की टिप्पणी का इंतजार
अफगान सुरक्षा बलों के इस दावे पर अभी तालिबान ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। लेकिन स्थानीय मीडिया की खबरों में दावा किया गया है कि तालिबान के लोगों को कई ताबूतों के साथ इन प्रांतों में घूमते हुए देखा गया है। इस बात की भी जानकारी नहीं है कि क्या इस हमले में आम नागरिक भी घायल हुए हैं।
अफगानिस्तान में आतंकी हमलों में तेजी
पिछले कुछ महीनों से सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ जमीन और हवाई हमले तेज कर दिए हैं। बता दें कि देश में 20 अक्टूबर को संसदीय और जिला परिषद चुनाव होने हैं। इन चुनावों में विघ्न डालने के लिए तालिबान ने भी इन दिनों देश में हमले तेज कर दिए हैं। पिछले एक महीने के दौरान तालिबान आतंकियों ने अफगानिस्तान में छोटे-बड़े कम से कम 47 हमलों को अंजाम दिया है। जबकि सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में अब तक तकरीबन 124 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया है।
Published on:
12 Sep 2018, 12:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.