
अफगानिस्तान: सेना ऑपरेशन में 16 आतंकवादी ढेर, तालिबानियों का सफाया करने का है लक्ष्य
काबुल। अफगानिस्तान के सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों पर बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी मिल रही है कि बगलान प्रांत के दंड-ए-घोरी इलाके के कई गांवों से तालिबान आतंकवादियों को खदेड़ते वक्त 16 आतंकवादियों को मार गिराया गया है। वहीं इस दौरान 19 अन्य आतंकियों के ढेर होने की भी खबर आ रही है। गुरुवार को पुलिस ने इस बात की जानकारी दी।
दो साल पहले दंड-ए-घौरी पर जमाया था कब्जा
पुलिस प्रमुख एकरामुदीन सरी ने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए बताया, 'सुरक्षा बलों ने पिछले चार दिनों में तालिबानी विद्रोहियों के मुख्य अड्डे समेत कई गांवों पर फिर से कब्जा कर लिया है।' बता दें कि दंड-ए-घौरी पर तालिबान ने दो साल पहले कब्जा जमाया था और तभी से इसे उत्तरी बगलान प्रांत में तालिबान के सबसे मजबूत गढ़ों के रूप में जाना जाता था।
तालिबान की सफाई तक जारी रहेगा ये ऑपरेश्न
सरी का कहना है कि दंड-ए-घौरी में तालिबान के खिलाफ जारी ऑपरेश्न तब तक चलेगा जब तक इलाके से विद्रोहियों का सफाया नहीं हो जाता। फिलहाल तालिबान ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पिछले महीने हुआ था आत्मघाती हमला
गौरतलब है कि पिछले महीने ही वहां की राजधानी काबुल में एक आत्मघाती हमलावर ने जेल के कर्मियों को ले जा रहे एक वाहन को निशाना बनाया था जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हुए। काबुल पुलिस के प्रवक्ता बशीर मुजाहिद ने हमले के बारे में बताया था कि आत्मघाती हमला उस समय हुआ, जब पुल-ए-चरखी जेल से संबद्ध वाहन सुबह करीब 7.30 बजे जेल के प्रवेश द्वार पर पहुंचा। मीडिया रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि सुरक्षा बल के तीन सदस्य व तीन नागरिक मृतकों में शामिल हैं।
Published on:
8 Nov 2018, 3:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.