बता दें कि राजधानी काबुल के उत्तर में करीब 250 किलोमीटर दूर स्थित पुल-ए-खुमरी में पुलिस मुख्यालय में हमलावरों ने जबरदस्त विस्फोट किया। विस्फोट इतना भयानक था कि आसमान में धुएं का गुब्बार फैल गया। इस हमले को लेकर तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया है कि पहले बंदूकधारियों ने हमला किया फिर पुलिस परिसर में विस्फोट किया गया। एक ट्वीट के जरिए मुजाहिद ने कहा कि आत्मघाती हमलावरों ने पुलिस मुख्यालय में एक बम विस्फोट किया है। इस घटना के बाद गृह मंत्रालय की ओर प्रवक्ता नसरत रहीमी ने बयान जारी करते हुए कहा कि इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई है। हमले के दौरान दो आतंकियों को भी मार गिराया गया है और बाकी आतंकियों को अफगानी सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। आपको बता दें कि इससे पहले अफगानी सेना ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 तालिबानी आतंकियों को मार गिराया था। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की सुबह अफगान राष्ट्रीय सेना ने तीन अलग-अलग कमांडो ऑपरेशन और हवाई हमला करते हुए 52 तालिबानी आतंकियों को मार गिराया, इनमें से दो प्रमुख कमांडर है जिनकी पहचान अबु खालिद और कमांदन सरहदी के रूप में हुई है।