
कराची स्टॉक एक्सचेंज।
कराची। कराची स्टॉक एक्सचेंज पर सोमवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। स्थानीय मीडिया के अनुसार इस आतंकी हमले को अंजाम देने वाले सभी 4 आतंकियों को मार गिराया गया है। इस हमले में छह सुरक्षा बलों की भी मौत हो चुकी है। अब तक कुल नौ मौतें सामने आई हैं। इस हमले में सुरक्षाकर्मियों और आम नागरिक सहित 11 लोग जख्मी हुए हैं। हमले की जिम्मेदारी बलोच लिब्रेशन आर्मी ने ली है।
सिंध रेंजर के प्रवक्ता के अनुसार हमले में शामिल सभी आतंकियों को मार गिराया गया है। अब आसपास की जगहों पर तलाशी हो रही है। प्रवक्ता का कहना है कि पुलिस ने उस गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जिससे आतंकी यहां तक आए थे।
पुलिस के अनुसार आतंकियों ने पहले ग्रेनेड से हमला किया। इसके बाद अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई कर सभी आतंकियों को मार गिराया।
स्थानीय मीडिया का कहना है कि वक्त पर कार्रवाई होने के कारण बड़ा आतंकी हमला टल गया है। पुलिस ने आतंकी हमले को पूरी तरह से नकाम कर दिया। हालांकि, अब तक पूरी तरह से साफ नहीं कहा जा सकता है कि इस हमले में कितने आतंकी शामिल थे। अभी तक चार आतंकियों को मारा गया है।
हमले के कुछ देर बाद तक इमारत में कुछ आतंकी छिपे रहे, और पाकिस्तानी जवानों और आतंकियों के बीच कुछ देर फायरिंग जारी रही। पुलिस ने आतंकियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। पाकिस्तान में आतंकी हमले की घटनाएं लगातार देखने को मिली रही हैं। मगर इतना बड़ा आतंकी हमला काफी दिनों बाद सामने आया।
Updated on:
29 Jun 2020, 4:28 PM IST
Published on:
29 Jun 2020, 12:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.