कुआलालम्पुर: मलेशिया में 'भ्रष्टाचार निरोधक आयोग' ने गबन और सरकारी निवेश निधि से धन निकासी के आरोपों में मंगलवार को पूर्व प्रथम महिला से पूछताछ की। समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक की पत्नी रोसमाह मंसूर के वकीलों ने कहा कि लगभग चार घंटे चली पूछताछ के दौरान उन्होंने जांचकर्ताओं को पूरा सहयोग किया। एक वकील ने कहा, "पूछताछ में रोसमाह ने पूरा सहयोग दिया और जांचकर्ताओं ने भी उनसे अच्छा व्यवहार किया।" नजीब के नौ मई को सत्ता से हटने के तत्काल बाद उनसे पूछताछ की गई थी, जिसके दो सप्ताह बाद उनकी पत्नी से पूछताछ हुई है। इससे पहले रोसमाह को आयोग के समक्ष पेश होने के लिए समन जारी किया गया था। नजीब को पूछताछ के लिए बुलाने के साथ उनकी संपत्तियों पर छापे मारे गए, जहां से पुलिस ने 2.9 लाख डॉलर की नकदी के साथ अन्य सामान बरामद किए थे।