
इंस्तांबुलः तुर्की पुलिस को इंस्तांबुल स्थित सऊदी वाणिज्य दूतावास के आवासीय परिसर में स्थित कुएं से लिए गए पानी के नमूने में पत्रकार जमाल खाशोगी के डीएनए अंश नहीं मिले हैं। पुलिस यहां खाशोगी के शव की तलाश कर रही थी। स्थानीय मीडिया में शुक्रवार को कहा गया है कि जांचकर्ताओं के समूह को पत्रकार की हत्या के 13 दिन बाद पहली बार 15 अक्टूबर को इस्तांबुल स्थित सऊदी महा वाणिज्य दूतावास में जाने की अनुमति मिली थी। इससे पहले 17 अक्टूबर को, टीम को यहां पर छापा मारने की अनुमति मिली थी।
पुलिस को अभी भी सबूत की तलाश
तुर्की के एक अखबार के अनुसार, पुलिस ने वाणिज्य दूतावास के आवास में स्थित कुंए से पानी को निकालने की कोशिश की। जांचकर्ताओं ने बाद में कैमरे से कुंए का निरीक्षण किया और पानी के नमूने लिए, जिसे बाद में प्रयोगशाला भेजा गया। हालांकि, खाशोगी के डीएनए का कोई भी अंश पानी में नहीं मिला।
सऊदी अरब ने मानी हत्या की बात
इससे पहले सऊदी अरब ने खाशोगी की हत्या की बात कबूल की थी। सऊदी अरब ने पत्रकार जमाल खाशोगी की हत्या के संबंध में अपने बयान को बदलते हुए गुरुवार को कहा कि खाशोगी की हत्या 'पूर्वनियोजित' थी। सऊदी अधिकारियों ने पिछले हफ्ते कहा था कि क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के आलोचक खाशोगी की इंस्तांबुल के वाणिज्य दूतावास में एजेंट के साथ झड़प में 'दुर्घटनावश' मौत हो गई थी।
Published on:
26 Oct 2018, 8:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.