
पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने मुशर्रफ से किया वायदा,देश लौटने पर मिलेगी उचित सुरक्षा
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व तानाशाह परवेज मुशर्रफ पर देशद्रोह का मुकदमा बीते कई सालों से लटका हुआ है। उनकी गैरहाजिरी को लेकर पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को आश्वासन दिया है कि अगर वह देश लौटते हैं तो उन्हें उचित सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। मुशर्रफ 2016 से ही दुबई में रह रहे हैं। पूर्व सेना प्रमुख लगातार अदालत के समक्ष पेशी के समय अनुपस्थित रहे हैं। इसके कारण उन्हें भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। गौरतलब है कि मुशर्रफ हमेशा अपनी सुरक्षा की दुहाई देकर पेशी से बचते रहे हैं। उनका कहना है कि पाकिस्तान में उनकी जान खतरे में हैं।
विदेशों में नाचते दिखे
प्रधान न्यायाधीश साकिब निसार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय पीठ मंगलवार को 2007 में नेशनल रिकांसिलेशन ऑर्डिनेंस (एनआरओ) लागू होने के बाद से देश को हुए नुकसान के बारे में सुनवाई कर रही थी। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, निसार ने मुशर्रफ के वकील अख्तर शाह से पूछा कि वह पाकिस्तान क्यों नहीं लौटते। निसार ने कहा कि पीठ में दर्द के बहाने वह देश छोड़कर चले गए लेकिन उन्हें विदेशों में नाचते देखा जा सकता है।
चिकित्सकों की सेवा मुहैया कराई जाएगी
इस पर मुवकील ने जवाब दिया कि पूर्व सैन्य तानाशाह अदालतों का सम्मान करते हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से नहीं लौट सकते। खबर में बताया गया है कि मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि मुशर्रफ के देश लौटने पर संबंधित प्रांत के रेंजर्स बल के प्रमुख उनकी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होंगे। निसार ने कहा कि मुशर्रफ के वापस लौटने पर देश में मौजूद बेहतर चिकित्सकों की सेवा उन्हें मुहैया कराई जाएगी। अदालत ने मुशर्रफ के फार्महाउस से सील हटाने के भी आदेश दिए ताकि लौटने पर वह वहां रह सकें। मामला 2007 में एनआरओ लागू होने के परिप्रेक्ष्य में पूर्व राष्ट्रपति मुशर्रफ,आसिफ अली जरदारी और पूर्व अटॉर्नी जनरल मलिक कय्यूम द्वारा बड़े पैमाने पर सरकारी धन की बर्बादी की वसूली से जुड़ा हुआ था।
Published on:
26 Sep 2018, 8:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.