25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाकिस्तानी विदेश मंत्री अफगानिस्तान पहुंचे, पदभार संभालने के बाद पहली विदेश यात्रा

विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी अफगानिस्तान के एक दिवसीय दौरे पर हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Shweta Singh

•

Updated: 15 Sep 2018, 6:38 PM IST

pakistani foreign minister visit afghanistan

पाकिस्तानी विदेश मंत्री अफगानिस्तान पहुंचे, पदभार संभालने के बाद पहली विदेश यात्रा

काबुल। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी अफगान राष्ट्रपति अशरफ गनी और अन्य शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करने शनिवार को यहां पहुंचे। पदभार ग्रहण करने के बाद उनका यह पहला विदेश दौरा है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'विदेश मंत्री के दौरे का मुख्य मकसद दोनों देशों के बीच सुरक्षा संबंधित मुद्दों पर सहयोग बढ़ाना है।' कुरैशी अफगानिस्तान के एक दिवसीय दौरे पर हैं।

पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का बयान

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैजल ने कहा, 'दौरे की सफलता से ही अफगानिस्तान-पाकिस्तान एक्शन प्लान फॉर पीस एंड सॉलिडरिटी, अफगानिस्तान पाकिस्तान ट्रांजिट ट्रेड कोर्डिनेशन अथॉरिटी और पाकिस्तान-अफगानिस्तान संयुक्त आर्थिक आयोग आदि के प्रयासों सहित द्विपक्षीय सहयोग को गति मिलेगी।'

क्षेत्रीय शांति और स्थिरिता के लिए खास है ये यात्रा

उन्होंने कहा कि पदभार ग्रहण के बाद कुरैशी की पहली विदेश यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सरकार क्षेत्रीय शांति और स्थिरिता के लिए अफगानिस्तान के साथ करीबी संबंध बनाना चाहती है। कुरैशी के साथ विदेश सचिव तहमीना जांजुआ और अफगान रिश्तों के महासचिव के साथ अन्य अधिकारी हैं। पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल अफगान विदेश मंत्री सलाहुद्दीन रब्बानी से भी मुलाकात करेगा।

इनके साथ भी होगी मुलाकात

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कुरैशी अफगान राष्ट्रपति गनी से मुलाकात करने के साथ-साथ अफगानिस्तान के मुख्य कार्यकारी अब्दुल्ला से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान अन्य मामलों के साथ-साथ द्विपक्षीय व्यापारिक मुद्दे, सुरक्षा कारणों से जलालाबाद में पाकिस्तान के महावाणिज्यदूतावास के बंद होने, आतंकवाद और सीमा प्रबंधन के मुद्दों पर चर्चा होगी।

अफगान राष्ट्रपति को भी पाकिस्तान आने का न्योता

गौरतलब है कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद अफगानिस्तान जाने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद अफगानिस्तान में उनके समकक्ष रब्बानी ने उन्हें काबुल आने का निमंत्रण दिया था। कुरैशी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की तरफ से अफगान राष्ट्रपति को भी पाकिस्तान जाने के लिए आमंत्रित करेंगे।