
पाकिस्तान : पायलट और क्रू मेंबर के बीच हुई हाथापाई, 3 घंटे देरी से उड़ा विमान
इस्लामाबाद। पायलट और केबिन क्रू मेंबर के बीच हुई हाथापाई की वजह से लंदन जाने वाली पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की उड़ान तीन घंटे से अधिक समय तक बाधित हुई। लाहौर से लंदन जाने वाली पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या पीके-757 को शनिवार रात नौ बजे उड़ान भरना था। लेकिन विवाद के चलते विमान हवाई अड्डे पर ही खड़ा रहा।
क्या था मामला
पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या पीके-757 के पायलट अनवर चौधरी ने क्रू एक सदस्य अवेस कुरैशी को विमान से चले जाने को कहा। पायलट का कहना था कि क्रू मेंबर तस्करी की घटनाओं में लिप्त था। कैप्टन अनवर ने दावा किया कि कुरैशी उड़ान के दौरान तस्करी की घटनाओं में शामिल रहा है, जिससे एयरलाइन का नाम खराब हो रहा है। इस आरोप की बाद दोनों में हाथापाई की नौबत आ गई।
हवाई अड्डे पर खड़ा रहा विमान
आरोपी क्रू मेंबर विमान छोड़ने को तैयार नहीं था। अन्य क्रू सदस्यों ने भी अपने साथी को लिए बिना उड़ान को अटेंड करने से इंकार कर दिया। दोनों के बीच जारी झगड़े के बीच विमान संख्या PK-757 को लाहौर से लंदन जाने के लिए तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। विमान को 9.30 में उड़ान भरना था लेकिन यह 12.30 बजे उड़ान भर पाया।
यात्रियों का हंगामा
विमान में मौजूद यात्रियों ने भी देरी को लेकर विरोध जताया। लाहौर अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों ने जमकर नारे बाजी की।गुस्साए यात्रियों ने पीआई प्रबंधन को जमकर कोसा । इस बारे में पाकिस्तान एयरलाइन्स केअधिकारियों का कहना है कि घटना के जांच के आदेश दे दिए हैं। पीआईए प्रवक्ता ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि विमान में देरी का कारण मैनचेस्टर से आ रहा एक और विमान था।
Updated on:
16 Sep 2018, 1:37 PM IST
Published on:
16 Sep 2018, 1:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.