
पाकिस्तान: मौलाना फजलुर रहमान का पीएम इमरान खान पर तंज, बस चलाते हुए बंदर से की तुलना
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के एक राजनेता मौलाना फजलुर रहमान खान ने प्रधानमंत्री इमरान खान पर तंज कसते हुए उनकी तुलना उस भारतीय बंदर से की है, जिसकी बस चलाती हुई वीडियो कुछ दिन पहले वायरल हो गई थी। मौलाना फजलुर रहमान खान ने बंदर से इमरान खान की तुलना करते हुए कहा कि, "मैं हिन्दुस्तान की एक विडियो क्लिप देख रहा था। जिसमें एक ड्राइवर वर्दी में है, लेकिन उसने स्टेयरिंग के ऊपर एक बंदर को बिठा रखा है। बंदर समझता है कि वाकई मैं गाड़ी चला रहा हूं, जबकि वास्तव में वर्दीवाला गाड़ी चला रहा है।"
भारत का है वीडियो
असल में जिस वीडियों का जिक्र फजलुर रहमान साहब कर रहे हैं वह भारत के कर्नाटक राज्य का है। कर्नाटक राज्य परिवहन निगम के एक सिरफिरे ड्राइवर ने बस चलाते समय एक लंगूर को स्टेयरिंग पर बिठा दिया था। मामले का वीडियो जब वायरल हुआ तो बाद में ड्राइवर को सस्पेंड कर दिया गया था। यह वीडियो इतना पॉपुलर हुआ है कि उसकी चर्चा पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी हो रही है। अब फजलुर रहमान ने अब इस वीडियो के जरिये पाक पीएम पर तंज किया है।
इमरान पर निशाना
इस वीडियो के जरिये इमरान की तुलना बंदर से कर मौलाना फजलुर रहमान ने उन पर बड़ा हमला किया है। माना जा रहा है कि उन्होंने पाक पीएम इमरान खान की तुलना वीडियो के बंदर से की है और वर्दीवाले से उनका तात्पर्य पाकिस्तान आर्मी से है। बता दें कि पाकिस्तान में चुनाव के दिनों से ही इस बात की चर्चा है कि इमरान खान सेना के हाथों के कठपुतली हैं और असल में उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद भी असल सत्ता सेना के हाथ में ही रहेगी।उनके कई विरोधियों का भी यही मानना है कि पाकिस्तान की गद्दी पर पर भले ही इमरान काबिज हैं, लेकिन असली नियंत्रण सेना के हाथ में है। गौरतलब है कि फजलुर रहमान ने चुनाव के दिनों में इमरान को समर्थन देने की घोषणा की थी, लेकिन अब ऐसा देखा जा रहा है कि वह इन दिनों इमरान पर हमलावर हो गए हैं।
Updated on:
8 Oct 2018, 8:12 AM IST
Published on:
8 Oct 2018, 7:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.