
बुध धनु राशि में वक्री होंगे, जानिए क्या प्रभाव पड़ेगा
बुध धनु राशि में होंगे वक्री
पंचांग के अनुसार 13 दिसंबर को दोपहर 12.02 बजे बुध धनु राशि में वक्री होंगे। बुध 28 दिसंबर तक यहीं इसी अवस्था में रहेंगे। इसके बाद बुध वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे। आमतौर पर बुध मनुष्य के जीवन में बुद्धि, याददाश्त, सीखने की क्षमता, संचार कौशल जैसी चीजों को नियंत्रित करते हैं। ऐसे में यह बदलाव मनुष्य के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगा। बुध का वक्री होना कुछ चीजों के व्यापार के लिए हानिकारक है, जबकि चार राशियों के लोगों पर इसके सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव पड़ेंगे। पहले जानते हैं किन वस्तुओं के व्यापार पर संकट आने वाला है।
वक्री बुध का व्यापार पर प्रभाव
1. ज्योतिषियों के अनुसार जब बुध धनु राशि में वक्री होंगे तब रासायनिक उर्वरक उद्योग, चाय उद्योग, कॉफी उद्योग, इस्पात उद्योग, एल्युमिनियम, वूलन मिल्स आदि उद्योगों में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है।
2. कंप्यूटर सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी, इन्फोर्मेशन टेक्नॉलॉजी और अन्य क्षेत्रों को महीने के अंत तक मंदी के दौर से गुजरना पड़ सकता है।
3. पारंपरिक वस्तुओं के निर्यात-आयात पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और प्रगति में गिरावट आ सकती है।
अब किन राशियों पर होगा दुष्प्रभाव
वृषभ राशि
आपकी राशि वृषभ है तो बुध वक्री अवस्था में वाणी पर नियंत्रण रखें वर्ना विवाद हो सकता है। भाई-बहनों के साथ आपके संबंधों में उतार चढ़ाव आ सकता है। यदि आप शोध क्षेत्र से जुड़े हुए हैं तो आपको कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इस समय वृषभ राशि वालों के खर्च में अचानक वृद्धि हो सकती है, या धन हानि हो सकती है।
कर्क राशि
आपकी राशि कर्क है तो धनु राशि में वक्री बुध आपकी सेहत बिगाड़ सकते हैं। इसलिए सतर्क रहें। इस समय बचत कर पाने में आपको मुश्किल होगी। आर्थिक जीवन में परेशानी आएगी। बुध की उल्टी चाल से आप निवेश को लेकर सतर्क रहें और इस दिशा में बढ़ने से पहले विशेषज्ञ से सलाह लें वर्ना धन हानि हो सकती है। इस दौरान अपने जरूरी डॉक्यूमेंट्स को भी संभालकर रखें वर्ना ये खो सकते हैं। बुध की उल्टी चाल के कारण माता पिता को बच्चों के व्यवहार में नकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है।
सिंह राशि
बुध के वक्री अवस्था में जाने से सिंह राशि वालों के आत्मविश्वास में कमी आ सकती है, जिसकी वजह से कोई महत्वपूर्ण डील हाथ से निकल सकती हैं। अगर आप किसी यात्रा पर जाना चाहते हैं तो इस समय इसको टालने में ही भलाई है। इस समय कानूनी विवादों का सामना करना पड़ सकता है। सिंह राशि वाले इस अवस्था में कोई भी बड़ा निवेश करने से बचें और अपने खर्चों पर भी नियंत्रण रखें।
कन्या राशि
बुध ग्रह के उल्टी चाल के कारण 28 दिसंबर तक कन्या राशि वालों को आर्थिक मामलों में उतार चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। इस समय धन के मामलों में आपको सतर्क रहने की जरूरत है और वित्तीय निर्णयों पर भी सोच विचार करना होगा। इस समय शेयर या सट्टा बाजार में पैसा लगाना आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। बुध की उल्टी चाल चलने के कारण आपको शब्दों के चयन के प्रति सावधान रहना होगा वर्ना आपकी प्रतिष्ठा को क्षति पहुंच सकती है। लव लाइफ में भी गलतफहमी बढ़ सकती है।
Updated on:
05 Dec 2023 09:22 pm
Published on:
05 Dec 2023 09:16 pm
