7 दिसंबर 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Guru Chandal Yog 2023: शनि की तीसरी दृष्टि से खतरनाक हो चला है चांडाल योग, जानें क्या है चांडाल योग, कब बढ़ाता है दैनिक जीवन में मुश्किलें

Guru Chandal Yog: a toxic combination of guru and rahu in Astrology: ग्रहों की यह बदलती स्थिति इन दिनों गुरु-राहु की युति के कारण बने चांडाल योग के कारण विशेष ज्योतिषीय चर्चा में बनी हुई है। इस योग को इस बार बेहद खतरनाक माना जा रहा है।

5 min read
Google source verification

image

Sanjana Kumar

May 12, 2023

khatarnak_chandal_yog_hua_prabhavi_badlenge_desh_duniya_ke_halat_aapki_rashi_par_asar.jpg

Guru Chandal Yog: a toxic combination of guru and rahu in Astrology: इस साल की शुरुआत सबसे बड़े ग्रह गोचर यानी शनि गोचर के साथ हुई थी। शनि देव ने अपनी मूल त्रिकोण राशि कुंभ राशि में गोचर किया था। वे यहां अगले 2 साल तक रहने वाले हैं। इसके बाद देव गुरु बृहस्पति ने अपनी राशि में परिवर्तन किया। वे मीन राशि छोड़कर मेष राशि में आए। यहां पहले से ही पापी ग्रह राहु मौजूद था। फिर बुध देव ने अपनी राशि बदली। वे भी मेष राशि में आए। इस तरह चतुर्ग्रही योग बना। फिर सूर्य देव ने अपनी राशि बदली और मेष संक्रांति हुई। फिर शुक्र का गोचर हुआ। अब हाल ही में मंगल अपनी नीच तत्व राशि कर्क में आए हैं। ग्रहों की यह बदलती स्थिति इन दिनों गुरु-राहु की युति के कारण बने चांडाल योग के कारण विशेष ज्योतिषीय चर्चा में बनी हुई है। इस योग को इस बार बेहद खतरनाक माना जा रहा है। पत्रिका.कॉम के इस लेख में भोपाल के ज्योतिषाचार्य पं. अरविंद तिवारी से जानें क्या है गुरु चांडाल योग, कैसे बनता है, कब हो जाता है खतरनाक और दिखाता है कैसे प्रभाव?

ग्रहों की स्थिति कब दिखाती है असर
ग्रह गोचर, गोचर के कारण ग्रहों की युति और कई योगों के कारण राजयोग बने, तो कई अशुभ योग भी। आपको बता दें कि ग्रहों का राशि परिवर्तन ही नहीं, बल्कि उनकी चाल का, जो कभी मार्गी (सीधी) रहती है, कभी वक्री (उल्टी), तो कभी वे उदय और अस्त होते हैं, इन सभी घटनाओं का प्रभाव सम्पूर्ण मानव जाति पर पड़ता है। यह शुभ या अशुभ हो सकता है। इन दिनों मेष राशि में चांडाल योग बना हुआ है।

जानें कैसे बनता है खतरनाक चांडाल योग
22 अप्रैल की सुबह 5 बजकर 14 मिनट पर देव गुरु बृहस्पति ने मेष राशि में प्रवेश किया था। वे इस राशि में लगभग एक वर्ष रहेंगे। यहां पहले से ही राहु विराजे थे। राहु मेष राशि में 30 अक्टूबर तक रहेंगे। ऐसे में मेष राशि में गुरु और राहु की युति 30 अक्टूबर तक रहेगी। गुरु और राहु की युति को ही ज्योतिष शास्त्र में चांडाल योग कहा जाता है।

शनि की टेढ़ी नजर चांडाल योग को बना रही खतरनाक
वर्तमान में शनि देव कुंभ राशि में विराजे हैं। इनकी तीसरी दृष्टि यानी टेढ़ी नजर इस चांडाल योग पर पड़ रही है। ऐसे में अशुभ चांडाल योग बेहद प्रभावी होकर खतरनाक बना हुआ है। यानी चांडाल योग की स्थिति ऐसी बनी हुई है जैसे करेला, वो भी नीम चढ़ा। चांडाल योग को ज्योतिष शास्त्र में बेहद अशुभ और खतरनाक योग माना गया है। शनि की दृष्टि से ये योग अति प्रभावी हो चला है।

आम जन पर दिखेगा ऐसा असर
ऐसे खतरनाक चांडाल योग का असर व्यक्ति के सामान्य जीवन पर नजर आएगा। इसके प्रभाव से लोगों में सहनशीलता की भारी कमी होगी। एक अजीब तरह का गुस्सा उन पर हावी रहेगा। बिना आगे-पीछे के बारे में सोचे, लोग एक-दूसरे को मरने-मारने पर उतारू हो जाएंगे। हाल ही में देश के कई हिस्सों में ऐसे मामले सामने भी आए हैं, जिनमें परिवार के सदस्यों ने पुराना बदला लिया और एक साथ 6 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। तो वैवाहिक जीवन में तनाव के चलते कई पतियों ने पत्नियों की नृशंस हत्या कर दी। मणिपुर की हिंसा भी इसी योग के परिणाम का हिंसा है।

हिंसा, आंदोलन, सड़क दुर्घटनाएं बढ़ेंगी
शनि की दृष्टि झेल रहा चांडाल योग हत्या, लड़ाई, झगड़ा, तोडफ़ोड़, हिंसा की वारदातें बढ़ाने वाला साबित होगा। जाति-वर्ग के आंदोलन, हिंसक आंदोलन सामने आएंगे। वाहन चलाते समय भी लोग आक्रामक, जिद्दी और क्रोधित महसूस करेंगे। वे बिना वजह के ही वाहन की स्पीड तेज रखेंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हो सकता है।

कई देशों में गृह युद्ध के आसार, दिवालिया होने के योग
शनि की दृष्टि से ग्रसित चांडाल योग का अशुभ प्रभाव देश-दुनिया में नजर आएगा। कुछ देशों के बीच युद्ध की स्थिति पैदा होगी। रूस-यूके्रन युद्ध बढ़ेगा। पाकिस्तान में गृह युद्ध की स्थिति बन ही रही है। कुछ देश दिवालिया हो जाएंगे। ज्यादातर देशों में अराजकता का माहौल रहेगा। लोगों में कानून का डर खत्म हो जाएगा। वे कानून को अपने हाथों में लेंगे, खुद ही फैसले करेंगे।

प्रकृति बरपाएगी कहर
शनि की दृष्टि के असर से हावी हुआ चांडाल योग प्रकृति पर भी अपना अशुभ असर दिखाने को तैयार बैठा है। खास तौर से 15 मई से 30 अक्टूबर तक की अवधि में इंसान को कुदरत का कहर भी झेलना होगा। अग्निकांड की घटनाओं में वृद्धि होगी। भूकंप, ज्वालामुखी, सुनामी, बाढ़ जैसी घटनाएं सामने आएंगी। भारत समेत कई देशों में बीमारियों का भी प्रकोप रहेगा। रहस्यमय बीमारी फैलने की आशंका और उससे जनहानि के योग बनेंगे। पशुओं में भी बीमारियां फैलेंगी, ऐसा होने पर भारी पशु धन हानि की आशंका बनी हुई है। मौसम की मार पड़ेगी। भीषण गर्मी का दौर भी रहेगा, तो भारी बारिश का कहर भी देश-दुनिया की मुश्किलें बढ़ाएगा। कृषि क्षेत्र पर भी अशुभ परिणाम दिखेंगे। मौसम का बदलता मिजात किसानों की मुश्किलें बढ़ाएगा।

चांडाल योग- आपकी राशि पर प्रभाव

चांडाल योग का सभी राशियों पर अशुभ प्रभाव पड़ेगा। किसी पर कम किसी पर ज्यादा। मेष, कर्क, कन्या, तुला, मीन राशि वालों को सबसे ज्याद अशुभ परिणाम देखने को मिलेंगे। इन राशि वालों को इस अवधि में विशेष रूप से सावधानी रखनी पड़ेगी।

मेष
क्रोध अधिक आएगा, इसके कारण कोई दुर्घटना घट सकती है। शारीरिक, आर्थिक हानि के योग बने हुए हैं। कोई कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

वृष
फिजूलखर्च बहुत ज्यादा बढ़ जाएगा। यात्रा में नुकसान के योग बने हुए हैं। आपसी संबंधों में दरार आएगी। कोई पुरानी बीमारी इस अवधि में फिर से परेशान कर सकती है।

मिथुन
धन लाभ के नए अवसर मिलेंगे। इस अवधि में कोई नया प्रोजेक्ट मिलेगा। हालांकि इस अवधि में संतान के कारण आपको सामाजिक अपमान झेलना पड़ सकता है। संतान को कष्ट के योग भी बने हुए हैं।

कर्क
कोई सरकारी दंड, जुर्माना भरना पड़ सकता है। नौकरी में परेशानियों झेलनी पड़ सकती हैं। अनचाही जगह ट्रांसफर हो सकता है। चोट, दुर्घटना, धन हानि के योग बने हुए हैं।

सिंह
इस अवधि में भाग्य कमजोर रहेगा। परिश्रम का पूरा फल मिलेगा। जीवन साथी को सेहत से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। अन्य कोई घटना होने के योग भी हैं।

कन्या
चोट, बीमारी, दुर्घटना, धनहानि, अपमान आदि घटनाओं का सामना करना पड़ सकता है। रोजगार के क्षेत्र में भी कोई मुश्किल हो सकती है। इस अवधि में जोखिम वाले कार्यों से दूर रहें।

तुला
दांपत्य जीवन में कलह बढ़ेगी। अलग होने की नौबत आ सकती है। जीवन साथी को कष्ट हो सकता है। जिन लोगों का विवाह तय हुआ है, उनकी तय शादी टूट सकती है।

वृश्चिक
इस अवधि में आपको कोई बीमारी हो सकती है, चोट लग सकती है। सरकारी कार्य समय पर होंगे। अदालती कार्यों तथा अन्य क्षेत्रों में सफलता मिलने के योग हैं।

धनु
संतान पक्ष से आपको खुशखबरी मिलेगी। संतान की सेहत का विशेष ध्यान रखें। धनलाभ के लिए किए गए सभी प्रयास सफल होंगे। इस अवधि में आपको परिवार का सहयोग मिलेगा।

मकर
घर के बुजुर्गों की सेहत का विशेष ध्यान रखें। लापरवाही, जल्दबाजी में आकर कोई भी कार्य न करें। ऐसा करने से आपको नुकसान झेलना पड़ सकता है। किसी पर ज्यादा भरोसा करना भारी पड़ सकता है।

कुंभ
बड़ी रकम का लेन-देन करने में पहले अच्छी तरह लिखा-पढ़ी का काम करें, तभी आगे बढ़ें। इस अवधि में अपने मन को शांत बनाए रखें। जल्दबाजी या उतावलापन न दिखाएं। पार्टनरशिप में कोई भी कार्य शुरू न करें। किसी भी तरह के वाद-विवाद से बचें।

मीन
इस अवधि में चोट, दुर्घटना, अपमान की आशंका बनी हुई है। आर्थिक हानि के योग बने हुए हैं। घर-परिवार में कलह की स्थिति बन सकती है। यात्रा में कष्ट होगा। कोई अशुभ घटना घट सकती है। अशुभ सूचना मिल सकती है। सतर्क रहें।

ये भी पढ़ें:Guru Chandal Yog 2023: ग्रहों की स्थिति से सालभर परेशान करेंगे मोचा जैसे तूफान, दुनिया के साथ देश में भी भारी बारिश के आसार

ये भी पढ़ें:Budh Margi 2023: बुध होंगे मार्गी, इन राशियों की खोलेंगे किस्मत, इन लोगों को झेलना पड़ सकता है आर्थिेक नुकसान