
नाम से जानें कैसा है पार्टनर का चरित्र
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार किसी व्यक्ति के नाम से उसके स्वभाव, चरित्र और विशेषताओं का पता लग जाता है बशर्ते की उसका नाम राशि अक्षर के अनुसार रखा गया हो। कुछ नाम वाले लोगों की लवलाइफ बेहद दिलचस्प होती है, वे अच्छे प्रेमी होते हैं और पार्टनर को हर खुशी देते हैं तो आइये ज्योतिषी जगदीश शर्मा से जानते हैं इन विशेष नाम के लोगों की लव लाइफ की विशेषताएं ..
B Letter वाले
भोपाल के ज्योतिषाचार्य जगदीश शर्मा के अनुसार B नाम वाले लोग आमतौर पर सीधे, सरल और मिलनसार होते हैं। सहयोग करने के मामले में इन पर भरोसा कर सकते हैं। यहां तक की B नाम वाले लोग दूसरों की खुशी के लिए अपनी खुशियां तक कुर्बान कर देते हैं। इनमें भावुकता अधिक होती है, जिससे ये प्रेम में जल्दी पड़ जाते हैं। हालांकि शुरुआत से पहले ये प्रिय की हर आदत को जानने की कोशिश करते हैं। इस नाम वाले इंट्रोवर्ट होते हैं और वाद-विवाद से दूर रहते हैं। व्यर्थ की चीजों पर ध्यान नहीं देते हैं। इस कारण ये हर किसी पर विश्वास भी नहीं करते हैं। इनके मित्र कम होते हैं लेकिन जितने होते हैं, उनसे गहरी छनती है। वैसे तो स्वभाव से ये शांत होते हैं लेकिन किसी से नाराजगी होने पर हद से ज्यादा गुस्सा करते हैं। हालांकि ये क्षणिक होता है और इन्हें मनाना बहुत ही आसान होता है।
C Letter वाले
जिन लोगों का नाम C से शुरू होता है, वे लोग आमतौर पर सामाजिक होते हैं, दोस्तों की महफिल में काफी लोकप्रिय होते हैं। साफ-सीधी बात करना इन्हें पसंद होता है लेकिन ये किसी को आहत नहीं करते हैं। ये लोग खुद की बहुत केयर करते हैं यानी व्यवस्थित तरीके से रहते हैं। इससे इनका व्यक्तित्व बहुत आकर्षक होता है। ये लोग सुंदर और अच्छे रूपरंग और व्यक्तित्व वाले होते हैं। C नाम वाले लोग अपने प्रियतम की देखभाल अच्छे से करते हैं और प्रेम के प्रति समर्पित रहते हैं। ये अपने रिश्तों की परवाह करते हैं, इसलिए दोस्ती के मामले में भी इन पर पूरा भरोसा किया जा सकता है।
D Letter वाले
D नाम राशि वाले लोग दिमाग के तेज और दिल के साफ होते हैं। ये लोग बहुत मनमौजी होते हैं और अपने मन की ही सुनते हैं। व्यर्थ की बातों पर ध्यान नहीं देते हैं। ये स्वभाव से जिद्दी होते हैं और लवलाइफ में प्रिय को पाने के लिए किसी हद तक जाने के लिए तैयार रहते हैं। ये अपने प्रेम संबंध को बखूबी निभाते हैं। ये स्वभाव से बहुत सहयोगी और साहसी होते हैं। किसी की मदद करने से पीछे नहीं हटते हैं।
E Letter वाले
जिन लोगों का नाम E से शुरू होता है, उन्हें बुद्धिमान पार्टनर पसंद होता है, जिससे ये लंबे समय तक किसी विशेष मुद्दे पर चर्चा कर सकें। ये लोग बड़े दिल वाले होते हैं और यही कारण है कि इन्हें एक से अधिक बार किसी से प्रेम हो सकता है। लेकिन जिसके भी साथ रहते हैं, ईमानदारी से रहते हैं। ये लोग हंसमुख और लोकप्रिय होते हैं। इन लोगों की सबसे बड़ी खासियत है कि E नाम वाले लोग वैसा ही व्यवहार पसंद करते हैं, जैसा ये दूसरों के साथ करते हैं। यदि ऐसा नहीं होता है तो ये लोग सामने वाले को भला-बुरा भी कह सकते हैं। ये लोग अपना जीवन बड़ी ही प्रसन्नता और बेफिक्री के साथ जीते हैं। इस कारण से भी ये लोग कभी-कभी किसी दिक्कत में पड़ जाते हैं।
H Letter वाले
जिन लोगों का नाम H से शुरू होता है वे लोग भावुक और संवेदनशील होते हैं। लेकिन खुशी हो या गम किसी के साथ साझा नहीं करते हैं। अपने अंदर की बातों को अंदर से समेटे रहते हैं, इसीलिए इन्हें समझ पाना लोगों के लिए थोड़ा मुश्किल होता है। यदि ये लोग एकतरफा प्रेम में हैं तो आसानी से अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं करते हैं। लेकिन जिससे भी ये लोग प्रेम करते हैं, उसके लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहते हैं। भावनात्मक रूप से गंभीर और भावुक होने के कारण ये लोग अपनी भावनाओं को बहुत देर में व्यक्त करते हैं। H नाम वाले जीवनसाथी के साथ रोमांटिक होते हैं। जीवनसाथी को मनाना इन्हें बखूबी आता है। यही कारण है कि इनका वैवाहिक जीवन सुखद रहता है।
I Letter वाले
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार I नाम वाले प्रायः आदर्श जीवन जीना पसंद करते हैं। प्रेम इनके लिए बहुत ऊंचे दर्जे की चीज होती है अर्थात ये लोग प्रेम के पुजारी होते हैं। अपने प्रिय का खास ध्यान रखते हैं और उनकी हर ख्वाहिश पूरी करने का प्रयास करते हैं। I नाम राशि वाले लोग प्रायः सुंदर होते हैं। कद-काठी भी ठीक-ठाक होती है। जो सामने वाले को आकर्षित कर लेता है।
J Letter वाले
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार J नाम वाले अक्सर कर्मठ और जुझारू होते हैं। एक बार इन्होंने जिस काम की शुरुआत कर दी, इसे पूरा कर ही दम लेते हैं। J नाम वाले लोग पढ़ाई-लिखाई और अध्ययन कार्यों में थोड़ा पीछे रहते हैं। पसंद-नापसंद के मामले में J नाम की राशि वाले लोग काफी नखरे दिखाते हैं। इन्हें कोई भी चीज आसानी से पसंद नहीं आती है। लेकिन जब भी पसंद आती है, तो उसे हासिल करने के लिए ये लोग पूरी जान लगा देते हैं। ये लोग स्वभाव से रोमांटिक भी बहुत होते हैं इसीलिए प्रेम विवाह पर इनका भरोसा ज़्यादा होता है।
L Letter वाले
जिन लोगों का नाम L से शुरू होता है, वे प्रायः खुद में मस्त रहते हैं। ये सेल्फ मोटिवेटेड भी होते हैं। दिल से रिश्ता बनाना और दिल से ही निभाना पसंद करते हैं। साथ ही अपने प्रिय की इच्छाओं को पूरा करने का हर संभव प्रयास करते हैं। L नाम वाले हमेशा अपने दिल की सुनते हैं और दिल के हिसाब से ही काम करते हैं। इनमें किसी प्रकार का लालच नहीं होता है। यही कारण है कि ये छोटी-छोटी चीजों में संतुष्ट हो जाते हैं। हालांकि स्वभाव से ये लोग थोड़ा गुस्सैल होते हैं लेकिन अपने क्रोध को नियंत्रित करना इन्हें आता है।
Updated on:
30 Jan 2024 09:15 pm
Published on:
30 Jan 2024 09:14 pm
बड़ी खबरें
View Allधर्म/ज्योतिष
ट्रेंडिंग
