5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Auraiya News:तेज रफ्तार डंपर ने खड़े कंबाइन में मारी टक्कर, एक की मौत, पांच घायल

Road Accident:औरैया में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार डंपर ने खड़े कंबाइन में टक्कर मारी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

2 min read
Google source verification

औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऊंचा चौकी के पास रात करीब दो बजे तेज रफ्तार डंपर ने हाईवे पर खड़ी दो कंबाइन मशीनों में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय कंबाइन पर बैठे लोग इसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सतहड़ी गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दो कंबाइन मशीनें किसी कारणवश खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर दोनों कंबाइन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंबाइन पर बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में सतनाम सिंह (60) पुत्र वीर सिंह निवासी मीरपुर, थाना देवरिया, जिला पीलीभीत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, संपूर्ण सिंह (55) पुत्र वीर सिंह, कारज सिंह (18) पुत्र संतूर सिंह, हरप्रीत सिंह (19), जय चौहान (18) पुत्र डब्बू और सुखविंदर सिंह (18) पुत्र विष्णु, सभी निवासी मीरपुर रतनपुर, थाना देवरिया कला, जिला पीलीभीत घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और डंपर को कब्जे में लेने के प्रयास किए जा रहे हैं।प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण डंपर की तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।