
Citroen C5 Aircross Feel Variant Discontinued: फ्रांसीसी ऑटोमेकर ने साल 2021 में अपनी पहली एसयूवी Citroen C5 Aircross को भारत में लॉन्च किया था। एक साल से ज्यादा समय बाद इसे अपना पहला अपडेट मिला, जिसमें रिवाइज्ड फ्रंट फेशिया और कई अन्य फीचर्स अपडेट के साथ एक बिल्कुल नया इंटीरियर शामिल किया गया था। यह एसयूवी दो वेरिएंट फील और शाइन में बिक्री के लिए उपलब्ध थी।
हालांकि अब 2024 में कंपनी ने इसके एंट्री लेवल फील वेरिएंट को बंद कर दिया है। इसकी कीमत 36.91 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) थी। SUV लाइनअप में अब एक सिंगल टॉप-एंड शाइन वेरिएंट शामिल है, जिसकी कीमत 39.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
अपने मिड-लाइफ अपडेट के साथ, C5 एयरक्रॉस में एलईडी डीआरएल के दो सेट, एक रिवाइज्ड फ्रंट बंपर, एक बड़ी फॉक्स सिल्वर स्किड प्लेट और एक छोटे सेंट्रल एयर इंटेक साथ नए रैप-अराउंड हेडलैंप देखने को मिलते हैं। इसके आलावा इसमें 18 इंच के नए अलॉय व्हील, रेक्टएंगुलर लाइटिंग एलिमेंट्स और डार्क फिनिश के साथ अपडेटेड टेललैंप दिए गए हैं।
कलर ऑप्शन की बात करें तो यह एसयूवी चार विकल्पों के साथ आती है, जिसमें - पर्ल नेरा ब्लैक, पर्ल व्हाइट, एक्लिप्स ब्लू और क्यूमुलस ग्रे शामिल हैं। इसके साथ ही शाइन ट्रिम में डुअल-टोन शेड्स का भी ऑप्शन मिलता, जिसके लिए आपको एक्स्ट्रा पैसे देने की जरूरत नहीं है।
शाइन वेरिएंट के फीचर्स की बात करें तो इसमें, एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप, हैंड्स-फ्री इलेक्ट्रिक टेलगेट, पैनोरमिक सनरूफ, एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले के साथ 10 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 6-वे पावर-एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, 6-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, डुअल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, की-लेस एंट्री, एयर प्यूरीफायर, क्रूज कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम सहित और बहुत कुछ देखने को मिलता है।
सिट्रोएन सी5 एयरक्रॉस में 2.0-लीटर डीजल इंजन दिया गया है, जो 177hp की पावर और 400Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन की बात करें तो 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमेटिक गियरबॉक्स मिलता है। कंपनी दावा करती है कि यह एसयूवी 17.5kmpl का माइलेज देने में सक्षम है।
2023 प्रोडक्शन मॉडल पर कंपनी इस साल के अंत तक 1.75 लाख रुपये की छूट दे रही है।
Updated on:
21 Nov 2024, 12:09 PM IST
Published on:
21 Nov 2024, 12:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.