
राम मंदिर निर्माण को लेकर बाबरी के मुद्दई इकबाल ने की पीएम मोदी से बड़ी मांग
अयोध्या : सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोध्या में राम मंदिर मामले पर अपना सुप्रीम फैसला सुनाए जाने के बाद अब राम मंदिर निर्माण की दिशा में प्रयास और तेज हो गए हैं | इसी कड़ी में राम मंदिर आंदोलन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय परमहंस रामचंद्र दास के शिष्य और दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास ने देश के प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा है और इस पत्र में उन्होंने मांग की है कि स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हाथ से राम मंदिर की आधारशिला रखें | राम मंदिर में वही शिलाएं प्रयोग में लाई जाएं जिसे स्वर्गवासी परमहंस रामचंद्र दास ने वर्ष 2002 में शीला दान कार्यक्रम के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में अयोध्या आए आईएएस अधिकारी शत्रुघ्न सिंह को सौंपा था | खास बात यह है कि इस पत्र को भेजने के समय बाबरी मस्जिद मामले के पैरोकार इकबाल अंसारी और रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास भी मौजूद रहे
बताते चलें कि आगामी 20 जनवरी को प्रयाग में माघ मेले के दौरान होने वाली संतों की केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक में कई अहम निर्णय होने हैं | जिनमें मंदिर निर्माण की आधारशिला रखने की तारीख भी मुकर्रर हो सकती है | इस बैठक में राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए प्रस्तावित ट्रस्ट के स्वरूप पर भी चर्चा होगी | उम्मीद जताई जा रही है कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन खरमास समाप्त होने के बाद मंदिर निर्माण की दिशा में प्रयास और तेज हो जाएंगे | इससे पूर्व ही मंदिर निर्माण को लेकर अयोध्या से दिगंबर अखाड़े के महंत सुरेश दास और बाबरी मस्जिद मामले की मुद्दई इकबाल अंसारी सहित अन्य संतों ने देश के प्रधानमंत्री से बड़ी मांग की है |
Updated on:
09 Jan 2020 03:55 pm
Published on:
09 Jan 2020 03:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
