31 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भगवान श्री राम के राज्याभिषेक कार्यक्रम में दिखेगी बंगाल की दुर्गापूजा और महाराष्ट्र के गणपति उत्सव की झलक

बंगाल से आये विशेष कलाकार करेंगे सरयू तट को रौशन - खूबसूरत रंगीन लाइटों से आलोकित हो उठेगा सरयू तट.

2 min read
Google source verification
Ayodhya

Ayodhya

अयोध्या. आने वाली 18 अक्टूबर को छोटी दीवाली के मौके पर अयोध्या में होने वाले भगवान श्री राम के राज्याभिषेक कार्यक्रम की तैयारियां अपने चरम पर हैं। इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूरे आयोजन की सुंदरता बढ़ाने के लिए लाइटिंग का जो इंतजाम किया गया है उसके लिए विशेष रूप से देश के अलग-अलग राज्यों से कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। 18 अक्टूबर को अयोध्या की सरयू तट के किनारे होने वाले भगवान राम के राज्याभिषेक कार्यक्रम में कोलकाता की दुर्गा पूजा और महाराष्ट्र के गणपति महोत्सव की भव्य झलक दिखेगी। इसके लिए लाइटिंग डेकोरेशन का काम कोलकाता के मशहूर लाइट डेकोरेटर राजा लाइट हाउस को दी गई है। इससे पूर्व इस लाइट डेकोरेटर ने देश के अलग-अलग राज्यों में त्रिपुरा, नागपुर, जयपुर , मुंबई सहित कई अन्य बड़े शहरों में बड़े आयोजनों की रौनक बढ़ाई है।

अयोध्या के सरयु तट के किनारे होने वाले इस भव्य आयोजन की खासियत यह होगी कि इसमें त्रेता युग की अयोध्या का दर्शन कलयुग में कराने की पूरी योजना है। इसके लिए घाट के किनारे विशेष रुप से एलईडी लाइटों से करीब 20 द्वार बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त घाट के किनारे भवनों को खूबसूरत चित्रकारी से सजाया जा रहा है। वहीं 18 अक्टूबर की शाम लाखों की संख्या में दीपक की रोशनी से सरयू तट जगमगा उठेगा। इसके लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं। पूरे कार्यक्रम में विद्युत सजावट का काम कर रहे बंगाल के दर्जनभर कारीगरों की टीम दिन रात मेहनत कर रही है। टीम में शामिल पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के रहने वाले कल्लू मुंडल ने बताया कि उनके लिए यह एक पुनीत अवसर है कि उन्हें भगवान राम की सेवा करने का मौका मिल रहा है।

कल्लू मुंडल ने बताया कि इससे पूर्व वह महाराष्ट्र में गणपति महोत्सव के दौरान भव्य सजावट का काम कर चुके हैं। कोलकाता की दुर्गा पूजा में परंपरागत रुप से हर वर्ष सजावट का काम करते रहे हैं। इसके अलावा त्रिपुरा जयपुर और नागपुर जैसे बड़े शहरों में भी बड़े आयोजनों में उन्होंने अपना हुनर दिखाया है और इस बार भगवान राम ने उन्हें अपनी सेवा करने का मौका दिया है और इस काम को करने में उन्हें और उनकी टीम को बहुत प्रसन्नता और संतोष मिल रहा है और वह जी जान से जुटे हुए हैं, जिससे इस पूरे कार्यक्रम को ज्यादा से ज्यादा खूबसूरत बनाया जा सके।