
Azamgarh news, Pic- patrika
आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया पारा गांव में बुधवार की रात प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया। प्रेमी युगल ने कथित तौर पर जहर खा लिया, जिसमें युवती की मौत हो गई, जबकि युवक की जान बच गई। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फुलवरिया पारा गांव की 19 वर्षीय युवती बीए की छात्रा थी और उसका गांव के ही एक युवक से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। वर्ष 2023 में दोनों घर से फरार भी हो गए थे। उस समय युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक दिलीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और उस पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 6 मार्च को निर्धारित है।
बताया जा रहा है कि होली के दिन बुधवार की रात युवक ने युवती को फोन कर बुलाया। इसके बाद गांव के सीवान में दोनों ने जहर खा लिया। जहर खाने के बाद युवती की हालत बिगड़ गई। गुरुवार सुबह वह घर के पास रास्ते में अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
उधर युवक का भी इलाज कराया गया, जिससे उसकी जान बच गई। युवती के पिता ने युवक पर कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। घटनास्थल के पास से कोल्ड ड्रिंक की बोतल और संदिग्ध जहरीले पदार्थ का रैपर बरामद हुआ है।
अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी युवक को गुरुवार दोपहर बरामदुपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
Updated on:
05 Mar 2026 09:46 pm
Published on:
05 Mar 2026 09:45 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
