
Azamgarh news, Pic- patrika
Azamgarh Crime: आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार अलसुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 22 वर्षीया युवती का शव घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर अकबाली शाह मंदिर के गेट के पास शीशम के पेड़ की डाल से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।
ग्रामीणों की सूचना पर बरदह थाना पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि युवती तीन दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने बस्ती जिले के रूधौली थाना क्षेत्र के केहडिवा गांव निवासी अब्दुल मन्नान पुत्र जब्बार पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप था कि युवक ने शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक युवती का शारीरिक शोषण किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार दिन पूर्व आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद युवती घर लौट आई थी।
जानकारी के अनुसार अब्दुल मन्नान पिछले करीब तीन वर्षों से मृतका के गांव में किराए पर कमरा लेकर प्लास्टिक के सामान की फेरी लगाकर बिक्री करता था। इसी दौरान युवती से उसकी जान-पहचान बढ़ी और मामला प्रेम संबंध तक पहुंच गया। रविवार सुबह जब युवती का शव मिला, तो वह सूट पहने थी और उसकी मांग में सिंदूर भी लगा हुआ था, जिससे ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
मृतका तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। उसके पिता पंजाब में रहकर निजी नौकरी करते हैं। शव मिलने के बाद मां ने थाने में तहरीर दी है। परिजनों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के समय युवती ने आत्महत्या की धमकी दी थी और इसके अगले ही दिन वह घर से गायब हो गई थी। वहीं, जिस स्थान पर शव मिला है, वहां तक युवती का अकेले पहुंचना संदिग्ध बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है
Published on:
12 Jan 2026 01:22 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
