
मतदान के दौरान बीजेपी नेताओं के साथ बैठे रमाकांत यादव
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. वैसेे तो बाहुबली रमाकांत के लिए किसी भी पार्टी में जाना आम बात है। अब तक वे कांग्रेस छोड़ सभी बड़े दल से सांसद अथवा विधायक बनने में सफल रहे है लेकिन एमएलसी चुनाव में रमाकांत यादव ने जिस तरह से सपा के सपोर्ट का दावा किया और मतदान के दिन बीजेपी खेमे में नजर आए उससे राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गयी है। कारण कि बीजेपी खेमे में रमाकांत का फोेटो खुद बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय ने पोस्ट किया है। फोटों में भाजपा प्रत्याशी अरुणकांत यादव के पिता व सपा विधायक रमाकांत यादव भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय समेत अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बैठे हुए हैं और फोेन पर किसी से बात कर रहे है। वैसे फोटो वायरल होने के बाद रमाकांत यादव ने इसे जनप्रतिनिधि होने के नाते औपचारिक मुलाकात करार दिया है और दावा किया है कि वे सपा के साथ हैं।
बता दें कि वर्ष 2008 में रमाकांत यादव बसपा छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे। वर्ष 2008 में बीजेपी ने उन्हें लोकसभा उपचुनाव लड़ाया था लेकिन वे हार गए थे। इसके बाद रमाकांत यादव ने वर्ष 2009 के आम चुनाव में आजमगढ़ संसदीय सीट पर बीजेपी का खाता खोला था। वर्ष 2014 में वे मुलायम सिंह यादव से हार गए थे। वहीं वर्ष 2017 में उनके पुत्र अरुणकांत यादव फूूलपुुर पवई सीट से बीजेपी के विधायक चुने गए थे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर रमाकांत यादव कांग्रेस में शामिल होकर भदोही से चुनाव लड़े जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में वे सपा में शमिल हो गए।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में रमाकांत यादव फूलपुर पवई सीट से सपा के विधायक चुने गए। अब बीजेपी ने रमाकांत यादव के पुत्र अरुणकांत यादव को आजमगढ़-मऊ सीट से एमएलसी चुनाव लड़ाया है। जबकि सपा से राकेश यादव मैदान में हैं। चुनाव की घोषणा के बाद से ही रमाकांत यादव दावा कर रहे है कि वे सपा के साथ है लेकिन मतदान के दिन जिस तरह से वे बीजेपी के खेमे में दिखे उससे राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है।
एमएलसी चुनाव की रोचकता आजमगढ़ में बहुत ज्यादा है। कारण यह कि भाजपा ने सपा विधायक रमाकांत यादव के पुत्र अरुणकांत को प्रत्याशी बनाया है तो वहीं सपा से राकेश यादव मैदान में है। भाजपा के एक और बागी प्रत्याशी विक्रांत सिंह भी निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा। विक्रांत के पिता यशवंत सिंह भाजपा के एमएलसी है और पार्टी ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित भी कर दिया है। रमाकांत को फोेटो बीजेपी खेमेे में वायरल होने के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोग यह कयास लगाने लगे कि आखिर पूर्व सांसद और वर्तमान में विधायक रमाकांत यादव किसके साथ हैं। अब यह तो मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रमाकांत पुत्र के साथ थे अथवा पार्टी के साथ।
वहीं विधायक रमाकांत यादव का कहना है कि मैं तो जनप्रतिनिधि हूं। जब मैं वहां पहुंचा तो बूथ से दूर ही वाहन रोक दिया गया। इसके बाद पैदल भाजपा के कैंप के आगे से गुजर रहा था तो जनप्रतिनिधि होने के नाते नमस्कार करते हुए वहां चला गया और सभी से मिलने के बाद वापस लौट गया। मैं एमएलसी चुनाव ही नहीं हमेशा के लिए समाजवादी पार्टी में हूं और रहूंगा। वायरल फोटो के बारे में मुझे कुछ नहीं कहना। वहीं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश यादव का कहना है कि यह तो बहुत अच्छी बात है कि हमारी पार्टी के प्रत्याशी को सभी दलों का समर्थन मिल रहा है। महराजगंज ब्लॉक पर हम अपने पार्टी प्रत्याशी अरुणकांत के समर्थन में बैठे थे। जो फोटो हमने पोस्ट की है, उसमें विधायक रमाकांत यादव के साथ ही अन्य कई दलों के लोग भी मौजूद रहे, जो हमारे पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में थे।
Published on:
10 Apr 2022 10:25 am
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
