
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. सरकार ने गोरखपुर नगर निगम का दायरा फिर बढ़ाने का फैसला किया है। आगामी चुनाव के बाद 200 नए गांव नगर निगम में शामिल किए जा सकते हैं। इन गांवों के शामिल होने के बाद नगर निगम की आबादी 20 लाख से ज्यादा हो जाएगी। साथ ही नगर निगम का क्षेत्रफल भी बढ़कर 650 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा। वर्तमान में नगर निगम का क्षेत्रफल 249 किलोमीटर है। नए गांवों के शामिल होने के बाद वार्डो की संख्या भी बढ़ेगी साथ ही विकास को भी गति मिलेगी।
बता दें कि यूपी सरकार गांवों के विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है। माना जा रहा है कि 200 नए गांव नगर निगम में शामिल होंगे तो इन इलाकों में सड़क, बिजली, पानी, नाली आदि की व्यवस्था अच्छी हो जाएगी तो नगर निगम की आय में भी इजाफा होगा। पिछले दिनों गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने अफसरों को नगर निगम का दायरा बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से ही अधिकारी इसमें 200 और गांवों को शामिल करने की योजना पर काम कर रहे हैं।
इसके पूर्व गोरखपुर नगर निगम में वर्ष 2020 में 32 गांवों को शामिल किया गया था। यह गांव महानगर से बिल्कुल सटे थे और ज्यादातर में सुविधाएं भी महानगर की ही मिल रही थीं। इसके बाद वार्डों की संख्या 70 से बढ़कर 80 हो गई। इस संख्या के आधार पर दिसंबर में नगर निगम का चुनाव प्रस्तावित है। चुनाव होने के बाद अगले साल नगर निगम का दायरा बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पहले गोरखपुर नगर निगम की आबादी पहले 6.85 लाख थी और यहां 70 वार्ड थे। 32 गांव शामिल होने के बाद आबादी 7.75 लाख से ज्यादा हो गई है। वहीं वार्डो की संख्या बढ़कर 80 हो गई है। यह आबादी इस चुनाव में भागीदारी करेंगे।
वैसे स्थानीय लोग वर्तमान में नगर निगम की आबादी 14 लाख से अधिक मानते हैं। इनका मानना है कि अगर 200 नए गांव शामिल होते हैं तो नगर निगम की आबादी बढ़कर 20 लाख से अधिक हो जाएगी। वहीं वार्डों की संख्या 110 तक पहुंचने की संभावना है। महायोजना 2031 के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सीमा विस्तार का प्रस्ताव रखा है। इसमें जीडीए में मुंडेरा बाजार, पीपीगंज व पिपराइच नगर पंचायतों को भी शामिल किया गया है। इससे जीडीए का क्षेत्रफल 285 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 642 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा। जीडीए में 233 नए राजस्व गांव शामिल किए गए हैं।
गोरखपुर महानगर को मेट्रोपालिटन सिटी पहले ही घोषित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी के अनुसार महानगर में सुविधा बढ़ाने के निर्देश दे चुके हैं। अफसर सुविधाओं को बढ़ाने में जुटे भी हैं। पिछले कुछ वर्षों में महानगर खोराबार से आगे, वाराणसी रोड, लखनऊ रोड पर सहजनवां के आगे तो सोनौली रोड पर पीपीगंज, पिपराइच रोड पर पिपराइच तक तेजी से बढ़ा है। अब इसका दायरा कैंपियरगंज, जंगल कौड़िया, पिपरौली, चरगांवा, भटहट, पिपराइच तक बढ़ने की संभावना है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह का कहना है कि नगर निगम का दायरा बढ़ने से नागरिक सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। इसका फायदा नागरिकों को मिलेगा तो नगर निगम की भी आय बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए हैं। इस दिशा में तेजी से काम भी चल रहा है।
Published on:
25 Sept 2022 11:35 am
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
