
पदयात्रा निकाल प्रदर्शन करते किसान
आजमगढ़ जिले में इंटरनेशनल एयरपोर्ट निर्माण का विरोध लगातार जारी है। 39 दिनों से किसान धरने पर बैठे है। किसान जान दे देंगे लेकिन जमीन नहीं देंगे का नारा बुलंद कर रहे हैं। रविवार केा किसानों ने पदयात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव वापस न लेने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
रिजनल कनेक्टिविटी के तहत हुआ था एयरपोर्ट का निर्माण
मंदुरी में वर्ष 2007 में हवाई पट्टी का निर्माण कराया गया था। वर्ष 2017 में यूपी में बीजेपी की सरकार बनने के बाद इस रिजनल कनेक्टिविटी योजना में शामिल कर विस्तार किया गया। यहां से 80 सीटर प्लेन उड़ाने के प्लान पर काम चल रहा था लेकिन अब तक एयरपोर्ट शुरू नहीं हुआ।
सरकार ने इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का किया फैसला
लोगों की मांग को देखते हुए पिछले दिनों सरकार ने मंदुरी एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की घोषणा की। इसके बाद इसके विस्तार के लिए दर्जन भर गांवों में भूमि चिन्हित की गई। किसान लगातार एयरपोर्ट के विस्तार का विरोध कर रहे हैं। वे अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं हैं।
39 दिन से चल रहा है धरना
मंदुरी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण के प्रयास का किसान विरोध कर रहे है। पिछले 39 दिन से किसान और महिलाएं धरने पर बैठी है। किसानों का समर्थन किसान नेता राकेश टिकैट, सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटेकर सहित तमाम लोग कर रहे है।
रविवार को पदयात्रा निकाल प्रदर्शन
रविवार को किसान और महिलाओं ने पदयात्रा निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। यह पदयात्रा जिगिना करमनपुर, हसनपुर, कादीपुर हरिकेश होते हुए खिरिया की बाग आई। महिलाओं-पुरुषों ने नारे लिखी तख्तियां लेकर पदयात्रा की। पदयात्रा में शामिल किसानों और महिलाओं का कहना है कि विकास के नाम पर गांव की जमीन-मकान छीनने वाले वापस जाओ, जमीन हमारी आपकी नहीं किसी के बाप की, पहले लड़े थे गोरों से अब लड़ेंगे चोरों से, जमीन हमारी उड़ान तुम्हारी नहीं चलेगा।
26 नवंबर को लखनऊ में मार्च करेंगे किसान
धरना-प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं ने कहा कि प्रदेश भर के किसान आंदोलनकारियों के साथ 26 नवम्बर को लखनऊ राजभवन पर अपनी मांगो को लेकर मार्च करेगा। हमारी जमीन-मकान बचाने की मांग और खेती किसानी बचाने की मांग एक हो चुकी है। पदयात्रा निकालकर हम यह संदेश देना चाहते हैं कि हम अपनी जमीन नहीं देगें।
Published on:
20 Nov 2022 09:00 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
