6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विवाद के बाद दंपति ने की आत्मदाह की कोशिश, जिले की क्राइम की अन्य खबरें

दोनों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

7 min read
Google source verification
Azamgarh crime news

आजमगढ़ क्राइम न्यूज

आजमगढ़. सरायमीर थाना क्षेत्र के पेड़रा गांव में सोमवार की सुबह किसी बात को लेकर आपस में हुए विवाद के बाद नाराज दंपत्ति ने आत्मदाह की कोशिश की। झुलसे हालत में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पेड़रा ग्राम निवासी चंदन (35) पुत्र स्व. मंगला और उसकी 30 वर्षीय पत्नी पुष्पा के बीच सोमवार की सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद चंदन और उसकी पत्नी दोनों ने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क स्वयं को आग के हवाले कर दिया।

गांव वालों की मदद से झुलसे दंपति को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। दोनों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मार्ग दुर्घटनाओं में घायल दो वृद्धों की मौत

दो स्थानों पर हुई मार्ग दुर्घटनाओं में घायल दो बुजुर्गों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के इटैली मोड़ के पास रविवार की शाम दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक बाइक पर सवार 60 वर्षीय वृद्ध घायल हो गया। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। मृतक लेढ़ा पुत्र स्व. करिया तरवां थाना क्षेत्र के ग्राम बांसगांव का निवासी था। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्री बताए गए हैं।

इसी क्रम में मऊ जिले के मोहम्मदाबाद कस्बे के पास बीते छह अप्रैल की शाम बाइक की चपेट में आने से घायल रिक्शा चालक बिंदु राम (62) पुत्र स्व. रामधनी ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया। मृत रिक्शा चालक मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थाना अंतर्गत रसूलपुर गांव का निवासी था। मृतक की एक पुत्री बताई गई है।


नशे में धुत दो चचेरे भाई भिड़े, एक की मौत
एक साथ बैठकर शराब का सेवन करने के दौरान किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद दो चचेरे भाई आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच हुई मारपीट में घायल 60 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर ग्राम निवासी शंकर सोनकर (60) रविवार की शाम अपने चचेरे भाई बालचंद सोनकर के साथ घर के पास शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद होने लगा।

मामला मारपीट तक पहुंच गया। मारपीट में घायल शंकर सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक के परिजनों द्वारा स्थानीय थाने को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के बाद मृतक का आरोपी चचेरा भाई मौके से फरार हो गया। मृतक के दो पुत्र व चार पुत्री बताए गए हैं।


गेहूं की मड़ाई के दौरान युवक का हाथ जख्मी
थ्रेसर से गेहूं की मड़ाई के दौरान मशीन में हाथ पड़ जाने से 30 वर्षीय युवक का बांया हाथ पूरी तरह जख्मी हो गया। घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा त्रिपुरारपुर ग्राम निवासी मोती (30) पुत्र चंद्रिका रविवार की शाम थ्रेसर से गेहूं की मड़ाई कर रहा था। इस दौरान मशीन में गेहूं का बोझ डालते समय उसका बांया हाथ मशीन की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गया। सोमवार की सुबह परिजनों ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।


जहर निगलकर वृद्ध अचेत
अज्ञात कारणों से जहर निगलकर अचेत हुए 65 वर्षीय वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के तोफापुर ग्राम निवासी मनीराम राजभर (65) ने किसी बात से नाराज होकर सोमवार की सुबह विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए।


कंटेनर में लदे मवेशी बरामद, तीन पशु तस्कर गिरफ्तार
कानून की आंख में धूल झोंककर जनपद में पशु तस्करी का धंधा निर्बाध गति से चल रहा है। इसका ताजा प्रमाण रानी की सराय थाना क्षेत्र में देखने को मिला। स्थानीय थाने की पुलिस ने रविवार को कस्बा स्थित रानी का पोखरा के समीप कंटेनर में लदे 33 गोवंश बरामद करते हुए तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।


रानी की सराय थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि फतेहपुर जनपद से पशुओं की तस्करी कर कुछ लोग मवेशियों को कंटेनर में लादकर जनपद से गुजरने वाले हैं। पुलिस सक्रिय हुई और देर रात करीब डेढ़ बजे मोहम्मदपुर की ओर से आ रहे कंटेनर को रोका गया। पुलिस की घेरेबंदी देख कंटेनर चालक वाहन रोककर मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन में सवार तीन पशु तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कब्जे में लिए गए वाहन से पुलिस ने 33 अदद गोवंश बरामद किया। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। पकड़े गए आरोपियों में जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोहड़ौरा गांव का रहने वाला मोहम्मद राशिद पुत्र मोहम्मद वसीउद्दीन तथा मोहम्मद इरफान व मोहम्मद रिजवान पुत्रगण मोहम्मद महफूज निवासी कस्बा हथिगांव जनपद फतेहपुर बताए गए हैं।


पुलिस पर फायर कर भागे मांस कारोबारी
अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बे के पास गोमांस का कारोबार कर रहे लोग मौके पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर फायर कर फरार हो गए। इस मामले में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ रविवार को अहिरौला थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।


अहरौला थानाध्यक्ष चंद्रभान यादव को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि क्षेत्र के माहुल कस्बा स्थित रौजा के पास स्थित सूखी नहर में गोवंश काटे जा रहे हैं। पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर जा धमकी। पुलिस की घेरेबंदी देख गोमांस कारोबार में लिप्त कारोबारी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। इस दौरान पुलिस ने मौके से लगभग तीन कुंटल प्रतिबंधित मांस तथा पशु वध में प्रयुक्त औजार बरामद कर लिया। स्थानीय थाने में थानाध्यक्ष की तहरीर पर माहुल कस्बे के कुरैशी मोहल्ला निवासी बेचन पुत्र अब्दुल हमीद, सलमान पुत्र बन्नन, सुबहान पुत्र अहमद, अब्दुल्लाह पुत्र फिरोज, जमशेद पुत्र खुर्शीद तथा आफताब पुत्र बेचन के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।


घर में घुसकर छेड़खानी, एफआईआर दर्ज
जहानागंज थाने की पुलिस ने घर में घुसकर छेड़खानी करने के आरोप में पीड़िता द्वारा आरोपित किए गए युवक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
जहानागंज क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती का आरोप है कि शनिवार की देररात करीब 12 बजे स्थानीय धरवारा गांव का रहने वाला द्वारिका पुत्र स्व. रामलाल उसके घर में घुस गया और पीड़िता के साथ छेड़खानी की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित युवती द्वारा आरोपित किए गए युवक के खिलाफ पुलिस ने रविवार को नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।


भगाई गई दो लड़कियां, चार के खिलाफ एफआईआर
अहरौला एवं दीदारगंज थाना क्षेत्र से बहला-फुसलाकर अगवा की गई दो लड़कियों के मामले में नामजद किए गए चार लोगों के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज की गई है।
अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बा निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के पाकड़पुर ग्राम निवासी मोनू पुत्र ठाकुर प्रसाद बीते शनिवार को उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसी क्रम में दीदारगंज थाना क्षेत्र से अगवा की गई लड़की के पिता ने स्थानीय गुंआई ग्राम निवासी विशाल पुत्र केशव राजभर सहित तीन लोगों के खिलाफ पुत्री को अगवा कर लेने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना बीते शुक्रवार की शाम हुई बताई गई है।


बगैर अनुमति हरा पेड़ काटते तीन गिरफ्तार
पवई थाने की पुलिस ने क्षेत्र के पतौना गांव में वन विभाग से अनुमति लिए बगैर हरा पेड़ काटने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में काटी गई लकड़ी भी बरामद किया है।
पवई थाने पर तैनात उपनिरीक्षक कैलाशनाथ को सूचना मिली कि स्थानीय पतौना गांव में चोरी-छिपे हरे नीम का पेड़ काटा जा रहा है। रविवार की दोपहर पुलिस ने मौके पर छापा मारकर पेड़ काट रहे तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 53 बोटा लकड़ी बरामद की गई। इस मामले में पतौना ग्राम निवासी गयाप्रसाद यादव पुत्र रामकरन सहित तीन लोगों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।


नौकरी के नाम पर चार लाख की धोखाधड़ी
फूलपुर कोतवाली पुलिस ने न्यायालय आदेश के अनुपालन में नौकरी के नाम पर चार लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में नामजद दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
फूलपुर क्षेत्र के ईशापुर ग्राम निवासी संजय कुमार पुत्र भरत यादव का आरोप है कि लगभग चार वर्ष पूर्व सरायमीर थाना क्षेत्र के पवईलाडपुर ग्राम निवासी पवन यादव पुत्र रामकेवल तथा बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना अंतर्गत धरोहर मोचना ग्राम निवासी आदर्श राय पुत्र रामदेव ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे चार लाख रुपए वसूल लिए। काफी समय गुजरने के बाद भी जब पीड़ित को नौकरी नहीं मिली तो उसने विपक्षियों से अपने दी गई रकम की मांग की। आरोप है कि विपक्षियों ने पीड़ित की रकम वापस करने से इनकार करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।


आग से पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक
दीदारगंज थाना क्षेत्र के डीहपुर गांव के सिवान में सोमवार को आग लग जाने से पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गयी। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग बुझाया गया।
डीहपुर गांव के सीवान में सोमवार की दोपहर अचानक आग लग गयी। आग ने भयावह रुप धारण करते हुए गांव निवासी फतेह बहादुर सिंह पुत्र स्व. राम अवध सिंह का दो बीघा, अशोक सिंह पुत्र स्व. महेन्द्र नारायण सिंह का दो बीघा तथा बबलू पुत्र स्व. विजय प्रताप शर्मा का एक बीघा गेहूं की खड़ी फसल को जलाकर खाक कर दिया। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। सूचना पाकर मौके पर दीदारगंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई थी। आग लगने का कारण बच्चों द्वारा सरपत के झुरमुट में आग लगाना बताया गया है। जानकारी होने पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर जाकर आग से हुई क्षति का जायजा लिया।


एसपी को प्रार्थना पत्र सौंप महिला ने लगायी सुरक्षा की गुहार
अतरौलिया थाना क्षेत्र के हैदरपुर गांव निवासिनी दुर्गावती पत्नी रणविजय ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मंडई जलाने वालों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई किये जाने की मांग की है।


पीड़िता दुर्गावती ने बताया कि बीते छह अप्रैल को रात्रि लगभग 11 बजे गांव के ही रहने वाले कुछ लोगों ने जमीनी रंजिश को लेकर मेरी रिहायशी मडंई में आग लगा दिये। जिससे गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के लिए अतरौलिया थाने में तहरीर दी गयी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुईं।

पीड़िता ने कहा कि मंडई जलाने वाले काफी दबंग व मनबढ़ किस्म के हैं। वह लोग जानमाल की धमकी दे रहे हैं जिससे परिवार काफी सहमा हुआ है। पीड़िता ने कहा कि अगर दोषियों के विरूद्ध जल्द से जल्द कोई कार्यवाही नहीं हुई तो वह मेरे परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं।

BY- RANVIJAY SINGH