
आजमगढ़. शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रैदोपुर में सोमवार की भोर में कच्छा बनियान पहने दो युवकों ने रिटायर एलआइयू इंस्पेक्टर के घर से नकदी समेत डेढ़ लाख रुपये के जेवर उठा ले गए। सूचना देने के बाद भी पुलिस छानबीन के लिए मौके पर शाम तक नहीं पहुंची। वहीं पीड़ित के पुत्र ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।
मऊ जिले के मूल निवासी ओंकार सिंह कुछ वर्ष पूर्व एलआइयू आजमगढ़ कार्यालय में इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत हुए हैं। वे शहर के रैदोपुर मोहल्ला स्थित राजकीय कालोनी में परिवार समेत रहते हैं। रविवार को वोट देने के लिए वे अपने पुत्र मनोज कुमार सिंह के साथ गांव गए थे। रविवार की रात को ही उनका पुत्र गांव से शहर आ गया। जबकि वे गांव पर ही रात में रुक गए। ओंकार की पत्नी सोमवार की भोर में लगभग सवा चार बजे सो कर उठी तो बाथरूम चली गयी। कुछ देर बाद जब वे बाथरूम से बाहर निकलकर आंगन में आयी तो घर के बरामदे का दरवाजा खुला देख सन्न रह गयी।
किसी अनहोनी की घटना से सशंकित होकर जब वे कमरे में गयी तो आलमारी भी खुली थी। आलमारी में रखा चार हजार रुपये नगदी के अलावा सोने का मंगलसूत्र, सिकड़ी, चार अंगूठी समेत अन्य सामान गायब था। जबकि अन्य सामान कमरे के फर्श पर बिखरा था। उनके शोर मचाने पर बगल के कमरे में सो रहा पुत्र भी उठ गया। इधर घर के अंदर छिपे दो चोर शोर मचाने पर घर से निकल कर फरार हो गए। परिजन का कहना है कि दोनों चोर कच्छा बनियान पहने हुए थे। उन्होंने चोरी हुए जेवर की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक का होना बताया है। चोरी की खबर पाकर ओंकार सिंह भी गांव से शहर आ गए। सुबह ही परिवार के लोगों ने इस घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना देने के बाद भी शाम तक पुलिस मौके पर छानबीन के लिए नहीं आयी। गृह स्वामी के पुत्र मनोज सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दे दी है।
BY- RANVIJAY SINGH
Published on:
20 May 2019 07:20 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
