आजमगढ़

2024 चुनाव के लिए विपक्षी एकता पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, क्या सपा-कांग्रेस आएगी साथ?

Lok Sabha Election 2024: अखिलेश यादव ने अपने 2024 के लिए विपक्ष की एकता पर जोर दिया है।

2 min read
Jun 04, 2023
अखिलेश यादव हाल के दिनों में कई विपक्षी नेताओं से मिले हैं।

Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज आजमगढ़ पहुंचे हैं। यहां अखिलेश यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की एकता पर बड़ा बयान दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी ममता बनर्जी, केसीआर और नीतीश कुमार से बात हुई है। सबकी यही राय बन रही है कि जिस राज्य में जो दल मजबूत है उसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाए। उसी नेतृत्व को आगे करके अन्य दलों को जोड़ा जाए। अखिलेश यादव विपक्षी दलों की बैठक में पटना भी जाने वाले हैं। जहां कांग्रेस नेता भी आएंगे। ऐसे में इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि 2024 में सपा और कांग्रेस साथ दिख सकते हैं।


पहलवानों का भी किया समर्थन
बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही महिला पहलवानों का भी अखिलेश यादव ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ की बात करती थी। आज जब पहलवान बेटियां धरने पर बैठी है तो इनका नारा कहां है? इनका नारा केवल इसलिए था कि बेटियों से वोट मिल जाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को सौ खून माफ हैं। वहीं अगर कोई गरीब, पिछड़ा, समाजवादी या मुसलमान होगा तो बुलडोजर चला जाएगा, ये रणनीत है इनकी। बीजेपी के लोग कुछ भी करें उनके खिलाफ कुछ नहीं होगा।

अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि भाजपा आजमगढ़ को बदनाम कर रही है। लोगों तो तोड़ रही है। हमारी संस्कृति मिली जुली है, हम मिल कर रहे हैं। हमारी परंपरा एक दूसरे से जुड़ी हुई है। यह लोग केवल नफरत की राजनीति कर रहे हैं।

2019 में सपा के काम नहीं आया था गठबंधन
बता दें कि 2019 में सपा ने बसपा और राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ा था। इसके बावजूद वह 80 में से सिर्फ 5 सीट ही जीत सकी थी। बसपा ने 10 सीटें जीतीं थीं। सपा 2019 में जीती 5 सीटों में से भी 2 सीटें उपचुनाव में हार चुकी है। अब उसके पास सिर्फ 3 सांसद हैं।

Updated on:
04 Jun 2023 05:33 pm
Published on:
04 Jun 2023 05:28 pm
Also Read
View All

अगली खबर