16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बाप से भी आगे निकला बेटा, फर्जी फर्म बनाकर शेयर के नाम पर लगाया 500 करोड़ का चूना, कुछ इस तरह खुला राज, 12 के खिलाफ एफआईआर दर्ज

आजमगढ़ में एक युवक फ्राड में अपने पिता से भी आगे निकल गया। पिता ने बैंक में नौकरी करते हुए लाखों का गबन किया था तो बेटे ने फर्जी फर्म बनाकर शेयर के नाम पर 500 करोड़ की ठगी कर डाली। मामला खुलने के बाद 12 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस मामले में बलिया जिले में भी एक प्राथमिकी दर्ज है।

3 min read
Google source verification
500 करोड़ रुपये लेकर फरार बेलाल अहमद

500 करोड़ रुपये लेकर फरार बेलाल अहमद

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. फ्राड के मामले तो अक्सर सामने आते हैं लेकिन ऐसे मामले कम ही देखने को मिलता है जहां पूरा परिवार ही इस तरह के खेल में शामिल हो। आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज में ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने बैंक में नौकरी करते हुए लाखों रुपये का गबन किया था। अब उसके पुत्र ने फर्जी फर्म बनाकर शेयर के नाम पर लोगों को 500 करोड़ का चुना लगा दिया है। राज खुलने के बाद सनसनी फैल गई है। उक्त व्यक्ति ने सिर्फ आजमगढ़ ही नहीं बल्कि अन्य जिलों के लोगों को भी ठगा है। इस मामले में बिलरियागंज थाने में जहां 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं बलिया में भी एक मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।

बताते हैं कि बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छींही गांव निवासी सैय्यद मोहम्मद बेलाल पुत्र सिब्गतुल्लाहने शेयर मार्केट में इन्वेंटमेंट के नाम पर एक फर्जी फर्म बनाया था। पिछले चार साल से वह पैसा दूना करने का लालच देकर लोगों से पैसा जमा कराता था। उसने इसकी शुरूआत छींही बाजार से की थी। यहां छोटे दुकानदारों, ठेले पर सब्जी व फल बेचने वालों को विश्वास में लेकर उसने यह फ्राड शुरू किया था। धन दूना करने की लालच में लोग उसके जाल में फंसते चले गए। फिर उसने कारोबार का विस्तार किया और चार सल में 500 करोड़ से अधिक रुपये जमा करा लिया। बेलाल ने लोगों के बीच ऐसा विश्वास जमाया कि तमाम लोगों ने जमीन बेचकर अथवा लोन लेकर पैसा जमा कर दिया। बेलाल के गांव के ही सज्जू ने तो अपना और अपने रिश्तेदारों का कुल चार करोड़ रुपये दोगुना करने के लिए दिया था। जब बेलाल रुपये लेकर फरार हो गया तो अब सज्जू के रिश्तेदार उससे रुपये की मांग करने पहुंचने लगे है। जिसे लेकर सज्जू भी परेशान है। वहीं छींही गांव के दीन मोहम्मइद शेख ने तीन लाख रुपया दूना करने के लिए बेलाल को कर्ज लेकर दिया था। जब उन्हें बेलाल की सच्चाई पता चली तो बर्दाश्त नहीं कर पाए। हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई।

बेलाल का फ्राड सामने आने के बाद शनिवार की देर रात फर्म में धन इन्वेस्ट करने वाले शरीफ ने बिलरियागंज में बेलाल सहित 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। आरोप लगाया है कि बेलाल फर्जी शेयर ब्रोकर फर्म के माध्यम से 500 करोड़ से अधिक धनराशि लेकर फरार हो गया है। बेलाल के इस कृत्य में उसकी पत्नी नेहा, भाई सुजातुल्लाह, सैय्यद मो. आकिब, सैय्यद मो. तालिब, परिवार के सिब्गतुल्लाह, राजा हैदर निवासी छींही, अरशद, खालिद निवासी कोकिलपुर थाना कोतवाली जीयनपुर, अली मुजफ्फर खालिसपुर थाना कोतवाली जीयनपुर, साजिद सरीक शेख, शबा निवासी सीएचएस एसबी प्राशला मार्ग ओशिवारा मुनाइटेड टावर समोर, नवी मुम्बई महाराष्ट्र व एक अज्ञात शामिल है। पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल में जुट गई है। वहीं बलिया जिले के फेफना में एक दरोगा ने बेलाल समेत पांच के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। बेलाल व नामजद अन्य अभियुक्त घर छोड़ कर फरार हो चुके है। पुलिस रात में ही आरोपी के छींही स्थित घर पर दबिश भी देने पहुंची थी।

गौरतलब है कि बेलाल के पिता सिब्गतुल्लाह यूबीआई चांदपट्टी में बतौर कैशियर तैनात थे। उन्होंने भी कैश में लाखों की हेराफेरी की थी। जानकारी होने पर बैंक अधिकारियों ने सिब्गतुल्लाह के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही उन्हें निलंबित भी कर दिया था। इस मामले में सीओ सगड़ी अनिल कुमार वर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है। पैसा दो गुना करने के नाम पर छींही निवासी बेलाल व उसके परिजनों तथा सहयोगियों द्वारा लोगों से पैसा लिए जाने की बात सामने आयी है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम लगा दी गई है।