
मुलायम मोदी
आजमगढ़. चर्चा के मुताबिक सपा मुखिया अखिलेश यादव आजमगढ़ से चुनाव लड़ने की तैयारी भले ही कर रहे हो लेकिन मुलायम की विरासत को बचाना उनके लिए आसान नहीं होगा। कारण कि मुलायम सिंह द्वारा की गयी आजमगढ़ की अनदेखी और अखिलेश को धोखे को विपक्षी दल मुद्दा बनाने जा रहे है। यहीं नहीं बीजेपी सरकार ने आजमगढ़ को विश्वविद्यालय का तोहफा देकर एक बड़ा दाव खेल भी दिया है। ऐसे में गठबंधन के बाद भी अखिलेश यादव की राह आसान नहीं होती दिख रही है।
बता दें कि पूर्वांचल में मात्र एक सीट आजमगढ़ सपा के पास है। मुलायम सिंह यादव यहां से सांसद है। सांसद चुने जाने के बाद जिले के लोगों को मुलायम सिंह यादव से काफी उम्मीदें थी। खासतौर पर विश्वविद्यालय को लेकर जो सपा ने 2012 के चुनाव में वादा किया था। आजमगढ़ के लोगों ने जिले की दस विधानसभा सीटों में से नौ पर सपा की जीत सुनिश्चित की थी और अखिलेश यादव पूर्ण बहुमत से सत्ता में आये थे। अखिलेश यादव ने चीनी मिल के शिलान्यास के समय विश्वविद्यालय की स्थापना के संबंध में विज्ञापन भी छपवाया लेकिन विश्वविद्यालय बलिया को दे दिए।
इससे सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी काफी बढ़ गयी। वहीं सांसद चुने जाने के बाद मुलायम सिंह यादव आजमगढ़ को पूरी तरह नजरअंदाज किये। वे सिर्फ दो बार आजमगढ़ आए वह भी सरकारी कार्यक्रम में सांसद की हैसियत से वे कभी आजमगढ़ नहीं आए। यहां तक कि चार साल तक उनका यहां कोई प्रतिनिधि भी नहीं था। बाद में उन्होंने राम दर्शन यादव को अपना प्रतिनिधि चुना जो प्रसपा के गठन के बाद उसमें चले गए। इसका खामियाजा भी विधानसभा चुनाव 2017 में सपा को भुगतना पड़ा। नौ सीट से पार्टी पांच सीट पर आ गयी।
अब मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से लोकसभा चुनाव लड़ रहे है। सूत्रों की माने तो अखिलेश यादव का आजमगढ़ से चुनाव लड़ना लगभग तय है। किसी भी समय इसकी घोषणा हो सकती है। सपा बसपा गठबंधन में उनकी राह भी आसान बताई जा रही है लेकिन हकीकत में ऐसा है नहीं। जिले की जनता अखिलेश की वादा खिलाफी से नाराज है तो मुलायम सिंह द्वारा की गयी उपेक्षा का असर भी साफ दिख रहा है। वहीं भाजपा सरकार ने आजमगढ़ में विश्वविद्यालय की घोषणा कर बड़ा दाव चल दिया है। इससे अखिलेश की मुश्किल और बढ़ गयी है। अखिलेश यादव बड़े नेता है हो सकता है चुनाव जीत जाय लेकिन उन्हे भी मुलायम सिंह की तरह विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।
By Ran Vijay Singh
Published on:
13 Mar 2019 05:22 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
