
आरक्षण सूची देखते लोग
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. उच्च न्यायालय द्वारा 2015 को आधार बनाकर त्रिस्तरीय पंचायत में आरक्षण के आदेश के बाद शनिवार को ब्लाक प्रमुख पद के लिए आरक्षण की सूची जारी कर दी गयी। प्रशासन द्वारा ब्लाक मुख्यालय और विकास भवन पर सूची चस्पा कर दी गई। नई संशोधित में ब्लाक प्रमुख पद के आरक्षण में भारी बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे मैदान में कूद चुके कई दावेदारों के मंसूबे पर पानी फिर गया है। देर शाम तक प्रधान व क्षेत्र पंचायत पद की सीट वार आरक्षण सूची जारी होने की संभावना है। आरक्षण पर 23 मार्च तक आपत्तियां ली जाएंगी। 26 मार्च को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बता दें कि आजमगढ़ जिले में ब्लाक प्रमुख के 22 पदों के लिए चुनाव होना है। नई आरक्षण सूची में सात पदों को अनारक्षित रखा गया है। अनारक्षित सीटों में सठियांव, पल्हना, पवई, अतरौलिया, रानी की सराय, मोहम्मदपुर और अजमतगढ़ शामिल है। वहीं बिलरियागंज, मिर्जापुर, फूलपुर और अहरौला सीट को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया।
अनुसूचित जाति के लिए तीन सीटें आरक्षित हैं। इसमें लालगंज, जहानागंज और तरवां शामिल है। अनुसूचित महिला के लिए दो सीट ठेकमा और मेंहनगर आरिक्षत की गयी है। पिछड़ी जाति के लिए चार सीटों को आरक्षित किया गया है। इसमें मार्टीनगंज, कोयलसा, पल्हनी और हरैया शामिल है। पिछड़ी महिला के लिए तहबरपुर और महाराजगंज आरक्षित की गयी है। आरक्षण सूची जारी होते ही विकास भवन व ब्लाक मुख्यालयों पर दावेदारों की भारी भीड़ दिख रही है। जिनकी सीटों में बदलाव हुआ है वे दावेदार निराश दिख रहे हैं।
पूर्व में हुए आरक्षण से वर्तमान आरक्षण की तुलना करें तो पहले ठेकमा, मेंहनगर और पल्हनी सीट को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया था। इसमें ठेकमा और मेंहनगर अब अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित हो गई है। इन सीटों पर तैयारी कर रहे लोगों को अब अपनी घर की महिलाओं को मैदान में उतारना पड़ेगा। पल्हनी सीट पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित हो गई है। इसलिए यहां समीकरण पूरी तरीके से बदल गए हैं। वैसे सीट के आरक्षण से बाहुबली दुर्गा प्रसाद यादव की बाछें खिल उठी है। कारण कि यहां से उनके भाई के पौत्र रन्नू यादव ब्लाक प्रमुख है लेकिन पिछले आरक्षण में सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने से उनका समीकरण बिगड़ गया था। अब उन्हें एक बार फिर लड़ने का मौका मिल जाएगा।
इसी तरह कोयलसा और मार्टिनगंज को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया था। अब ये बदलकर पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित हो गई है। पूर्व के आरक्षण में हरैया, पवई, अतरौलिया और अहरौला को पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित किया गया था। हरैया अब भी पिछड़ी जाति के लिए ही आरक्षित है जबकि पवई, अतरौलिया सीट अब सामान्य हो गई है। अहरौला अब महिला के लिए आरक्षित हो गई है। पिछली सूची में महाराजगंज और तहबरपुर को पिछड़ी महिला के लिए आरक्षित किया गया था। इस बार भी इनका आरक्षण वही है। मिर्जापुर, फूलपुर, बिलरियागंज और सठियांव महिलाओं के लिए आरक्षित था। सठियांव सीट अब सामान्य हो गई है। बिलरियागंज, मिर्जापुर और फूलपुर इस बार भी महिला के लिए आरक्षित है।
जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे का कहना है कि कोर्ट के आदेश के क्रम में आरक्षण की नई सूची जारी की गयी है। इस पर 23 मार्च तक आपत्तियां ली जाएंगी। 25 तक इसका निरस्तारण किया जाएगा। 26 मार्च को आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए आरक्षण सूची शाम तक जारी कर दी जाएगी।
BY Ran vijay singh
Published on:
20 Mar 2021 06:16 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
