
आजमगढ़ में दिनदहाड़े मर्डर
आजमगढ़. देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर पुत्र के साथ बाइक से लालगंज जा रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी मौके से भागने में सफल रहे। इस घटना में मृतक पंचायत सदस्य का पुत्र भी जख्मी हो गया, जिसका इलाज वाराणसी में चल रहा है। हत्या की खबर पाते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के असौसा ग्राम निवासी 45 वर्षीय महेंद्र यादव पुत्र इंद्राज यादव गांव के पूर्व प्रधान के साथ ही वर्तमान में क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित थे।जीविकोपार्जन के लिए वह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पल्हना बाजार में क्लिनिक का संचालन करते थे। गांव के ही कुछ लोगों से उनकी चुनावी रंजिश चल रही थी। इसके पूर्व भी बीडीसी महेंद्र यादव पर दो बार जानलेवा हमला किया जा चुका था। शुक्रवार की दोपहर वह अपने 17 वर्षीय पुत्र गोलू के साथ बाइक पर सवार होकर पल्हना बाजार से लालगंज कस्बा जा रहे थे।
दिन में करीब एक बजे बाइक सवार पिता-पुत्र खुरसु गांव के बाहर बने गेट के पास पहुंचे थे कि तभी पल्हना की ओर से आए बाइक सवार दो बदमाश ओवरटेक कर पिता-पुत्र पर असलहे से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दिए। बीडीसी महेंद्र यादव को सीने में आधा दर्जन गोलियां लगीं और वह चलती बाइक से गिर पड़े। पुत्र गोलू को भी गोलियां लगीं और वह जख्मी हो गया। घटना के बाद हमलावर लालगंज की ओर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए लालगंज सीएचसी ले जाया गया। चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उपचार के लिए घायलों को वाराणसी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां महेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया गया। घायल गोलू का इलाज वाराणसी के निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना की खबर पाते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एनपी सिंह व सीओ लालगंज सच्चिदानंद मौके पर पहुंच कर घटनाक्रम की जानकारी ली। मौत की खबर पाकर मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी इंदु देवी की हालत विक्षिप्त जैसी हो गई है। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्री बताए गए हैं।
BY- RANVIJAY SINGH
Published on:
27 Jul 2018 07:34 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
