
बरात में हुआ बवाल फिर हत्या। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Bloody Conflict Before Varmala: उत्तर प्रदेश केआजमगढ़ जनपद के जीयनपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान बेहद मामूली बात ने भयावह रूप ले लिया। गोरखपुर के बड़हलगंज से आई बरात में कूलर की हवा की दिशा बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय अमीरचंद साहनी के रूप में हुई है, जो बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव का निवासी था। जानकारी के मुताबिक, वह अपने साथियों के साथ बारात में शामिल होने जीयनपुर आया था। जयमाल के पहले कूलर की दिशा बदलने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई। इस दौरान अमीरचंद को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस हिंसक झड़प में अमीरचंद के अलावा राजकुमार साहनी, अभिलाष साहनी और साहिल यादव भी घायल हो गए। तीनों को चाकू लगने से चोटें आईं, जिनका इलाज जारी है।
जैसे ही अमीरचंद की मौत की खबर उसके गांव बेलसड़ी पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया, तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला।
घटना के बाद फरार मुख्य आरोपी नीरज निषाद को जीयनपुर पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि, उसके दो साथी—आशीष निषाद और सोनू निषाद—अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
गुरुवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने साऊंखोर मोड़ के पास गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क की एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की। काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक के बड़े भाई मानिकचंद साहनी समेत परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कोतवाल सुनील कुमार राय ने उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
संबंधित विषय:
Published on:
01 May 2026 09:13 am
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
