
सहारनपुर में सनसनी, तंत्र क्रिया के चलते युवक की हत्या! फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Brutal Murder By Removing Eye: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नागल क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव जोला डिडौली निवासी 17 वर्षीय अजय सैनी, जो पिछले 4 दिनों से लापता था, उसका शव बुधवार को बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, अजय का शव सिडकी-झबरेड़ा मार्ग पर बोहड़पुर गांव के पास काली नदी के किनारे सड़क से सटे एक गड्ढे में पड़ा मिला। शव की हालत बेहद संदिग्ध और भयावह थी, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। एक आंख निकाली गई थी, सिर के बाल काटे गए थे और शव को जलाने का भी प्रयास किया गया था। इन परिस्थितियों को देखते हुए तंत्र क्रिया (ओकल्ट प्रैक्टिस) के तहत हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, अजय सैनी रविवार शाम एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई। उन्होंने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।
अजय के पिता सागर सैनी ने सोमवार को थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई।
मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि काली नदी के पास एक किशोर का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और परिजनों को बुलाया। परिजनों ने शव की पहचान अजय सैनी के रूप में की।
शव मिलने के बाद इलाके में गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी के साथ थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में गंभीरता नहीं दिखाई, जिसके चलते अजय को समय रहते नहीं बचाया जा सका। उनका यह भी कहना है कि शव मिलने के बाद भी पुलिस इसे हादसा बताने की कोशिश कर रही थी, जबकि शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
अजय के पिता सागर सैनी की तहरीर पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में बड़गांव क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी अजय सैनी, पहाड़पुर निवासी सुशील, राकेश और नयागांव निवासी सुरेंद्र सैनी शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
एसएसपी अभिनंद सिंह ने बताया कि पुलिस हत्या और हादसा—दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
संबंधित विषय:
Updated on:
07 May 2026 01:11 pm
Published on:
30 Apr 2026 09:38 am
बड़ी खबरें
View Allसहारनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
