
Lance Naik Hariom Tarole
बड़वानी/सेंधवा/निवाली. निवाली विकासखंड के गांव सिदड़ी के लाल की सेना में सेवा के दौरान तबीयत खराब हो गई। कोलकाता के मिलिट्री अस्पताल में उन्होंने मंगलवार को अंतिम सांस ली। सैनिक के पार्थिव शरीर को गुरुवार को वायुयान से कोलकाता से इंदौर लाया गया। जहां से महू के सेना अधिकारियों द्वारा पार्थिव शरीर को वाहन द्वारा पैतृक गांव सिदड़ी लाया गया। सूत्रों ने बताया कि हरिओम तरोले भारतीय सेना की सीमा सुरक्षा बल में राजस्थान सीमा पर तैनात थे। हरिओम ने 2014 में सेना ज्वाइन की थी। उनकी किडनी में इंफेक्शन हो गया था। जिसके बाद कोलकाता के हेड क्वार्टर में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। सैनिक की अंत्येष्टि सिदड़ी गांव के माली फलिया के समीप की गई। इस दौरान में सेना के जवान और पुलिस जवानों ने अंतिम सलामी दी।
परिजनों ने कहा हमें हरिओम की शहादत पर गर्व है
जैसे ही लांस नायक हरिओम की शहादत की खबर परिवार और मित्रों को लगी तो माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोगों ने कहा कि अपने लाल को खोने का गम था लेकिन उनकी शहादत पर गर्व की अनुभूति हुई।
सेंधवा और निवाली के हजारों लोगों ने नम आंखों से दी विदाई
जैसे ही विशेष वाहन से सैनिक हरि ओम तरौले का पार्थिव शरीर सेंधवा में प्रवेश किया। हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। देशभक्ति गीतों पर हजारों लोग भावुक हो गए। जहां से भी सैनिक का पार्थिव शरीर गुजरा लोगों ने फूल बरसा कर देश के लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। युवा हाथों में तिरंगा लिए सेना के वाहन के पीछे भारत माता की जय और शहीद जवान हरिओम अमर रहे के नारे लगाते चल रहे थे। छोटे स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं ने भी श्रद्धांजलि दी। सेंधवा नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव, विधायक ग्यारसी लाल रावत, पूर्व कैबिनेट मंत्री अंतर सिंह आर्य, मोहन जोशी, विकास आर्य, रैलाश सेनानी, पार्षद लक्ष्मी शर्मा, बद्री प्रसाद शर्मा, पूर्व नपा उपाध्यक्ष छोटू चौधरी आदि ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। नगर के नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, श्रीराम चौक से होता हुआ काफिला निवाली के लिए रवाना हुआ। जहां हजारों लोगों की उपस्थिति में पूरे सैनिक सम्मान के साथ सैनिक को अंतिम विदाई दी गई।
बंद रहा निवाली और वझर का पूरा मार्केट
सैनिक के सम्मान में निवाली और वझर के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी। यहां सड़कों को धोया गया। 5 हजार से अधिक लोग अंत्येष्टि में शामिल हुए। पैतृक गांव में परिवार के लोगों ने अपने लाडले को सलामी दी। पानसेमल विधायक चंद्रभागा किराड़े निवाली में सैनिक के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी।
सेना में 8 साल दी सेवा
हरिओम तरोले 40 लाइट इंफेंट्री डिविजन रेजिमेंट में 8 वर्ष के सेवाकाल के दौरान शहादत को प्राप्त हुए। उनके अंतिम संस्कार में सैनिक संगठन के कोषाध्यक्ष संदीप शर्मा, बिरमल नरगांवे, अनिल वास्कले, विजय राठौड़, दिनेश विश्वकर्मा, सईद मंसूरी, मुकेश डोंगरे, विक्रम मेहरा, जितेंद्र राठौड़, सुभाष राठौड़, पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड से कैप्टन राधेश्याम पटीदार शामिल हुए।
Published on:
10 Feb 2023 11:58 am
बड़ी खबरें
View Allबड़वानी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
