
Jayant Chaudhary: केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने सीएम योगी को लिखा पत्र, भारी बारिश से हुए नुकसान का उठाया मुद्दा
Jayant Chaudhary: उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता तथा शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। उन्होंने पत्र के जरिए अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा, “मैंने पिछले दिनों ब्रज क्षेत्र के दौरे के समय कई गांवों का भ्रमण किया था। इस दौरान देखने में आया कि अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों को व्यापक स्तर पर नुकसान पहुंचा है। उन्हें तत्काल राहत पहुंचाने की आवश्यकता है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया, “उत्तर प्रदेश के साथ-साथ ब्रज क्षेत्र के प्रभावित गांवों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द सर्वे कराकर बाढ़ पीड़ित किसानों को फसल बीमा योजना के लाभ के साथ-साथ उपयुक्त मुआवजे का भी लाभ प्रदान किया जाए।”
बता दें कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले कई दिनों से जारी मूसलाधार बारिश की वजह से किसानों की फसलों को क्षति पहुंची है। किसानों की खरीफ के साथ-साथ ज्वार की फसलें भी बर्बाद हुई हैं। कुछ जिलों में लगातार बारिश होने की वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो चुके हैं।
कई जिलों में किसानों ने खुद सामने आकर अपनी फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार से मुआवजे की डिमांड की है। प्रशासन की ओर से भी किसानों को उचित आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
जयंत चौधरी का कहना है कि मध्य यूपी और ब्रज मंडल में तेज हवाओं के साथ-साथ बारिश ने इस बार काफी तबाही मचाई है। ब्रज मंडल में पिछले 16 घंटों से लगातार बारिश होने से किसानों की फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश की वजह से ब्रज क्षेत्र में कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सैकड़ों बिजली के खंभे गिर पड़े, पेड़ जमींदोज हो गए, सड़कें ध्वस्त हो गईं।
Updated on:
24 Sep 2024, 4:10 PM IST
Published on:
24 Sep 2024, 4:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.