
प्रतीकात्मक तस्वीर - एआइ
Bagpat: जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र के सांकरौद गांव में बुधवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे देवर ने अपनी ही भाभी की ईंट से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद भी दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से मृतका का पति अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया है। पुलिस अब हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।
सांकरौद निवासी नवीन और उसका भाई साहिल लोनी में ऑटो रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। नवीन की शादी दो साल पहले लोनी निवासी चंचल (26) के साथ हुई थी जिसकी छह माह की एक मासूम बेटी है। बुधवार सुबह दोनों भाई दुकान पर गए थे लेकिन दोपहर में साहिल अचानक घर लौट आया। शाम को उसने अपनी मां कमलेश को चाय के लिए दूध लाने के बहाने दुकान पर भेज दिया। घर में मौका पाकर साहिल ने अपनी भाभी चंचल पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए और उसका सिर कूचकर उसे मौत की नींद सुला दिया।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी साहिल ने मकान की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर चोटें आने पर उसे पहले जिला अस्पताल और फिर मेरठ रेफर किया गया। अस्पताल में जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने गुमराह करते हुए कहा कि वह 'बंदरों के डर' से छत से नीचे गिर गया था। हालांकि घर के भीतर चंचल की रक्तरंजित लाश मिलने के बाद उसकी कहानी पता चल गई।
इस पूरी वारदात में सबसे संदिग्ध पहलू मृतका के पति नवीन का व्यवहार रहा। जैसे ही चंचल की हत्या की खबर फैली नवीन ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। पुलिस ने लोनी स्थित उसकी दुकान पर भी संपर्क किया लेकिन वह वहां नहीं मिला और देर रात तक घर भी नहीं लौटा। इधर सूचना मिलते ही चंचल के माता-पिता सांकरौद गांव पहुंचे जहां कोहराम मचा हुआ है। एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।
बागपत एसपी के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला देवर द्वारा भाभी की हत्या का है। हत्या के असली कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस घायल आरोपी के बयान दर्ज करने और फरार पति की तलाश में जुटी है। छह माह की मासूम के सिर से मां का साया उठने के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।
Published on:
26 Feb 2026 01:02 pm
बड़ी खबरें
View Allबागपत
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
