
Baghpat Murder Case: बारात की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दिल्ली पुलिस के एक हवलदार ने ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि युवक के उसकी पत्नी से संबंध हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना वजीराबाद इलाके की है, जहां बागपत के गांव काठा से एक बारात आई थी। मृतक आशीष (25) भी बारात में शामिल होने आया था। इसी दौरान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में तैनात हवलदार प्रवेश का आशीष से झगड़ा हो गया। आरोप है कि प्रवेश ने पहले पिस्टल की बट से आशीष को मारा और फिर उसके सीने में गोली चला दी। गोली लगते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई।
घायल आशीष को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशीष मूल रूप से बागपत के गांव काठा का रहने वाला था और प्रवर्तन निदेशालय (ED) में एमटीएस के पद पर तैनात था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रवेश को शक था कि आशीष की उसकी पत्नी से नजदीकियां हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। बारात में भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और गुस्से में आकर आरोपी ने गोली चला दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रवेश, उसके भाई संदीप और साले विपिन को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। एक अन्य आरोपी विकास अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
24 Feb 2026 04:51 pm
Published on:
24 Feb 2026 04:51 pm
